Chakradharpur: नगर परिषद के वार्ड संख्या 4 के पार्षद राजू प्रसाद कसेरा ने बुधवार को स्वच्छता जागरूकता अभियान के तहत वार्ड की महिलाओं के बीच सूखा एवं गीला कचरा अलग-अलग रखने के लिए दो-दो बाल्टियों का वितरण किया. इस दौरान उन्होंने महिलाओं से अपने घर, आंगन और पूरे वार्ड को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा रखने की अपील की, ताकि क्षेत्र में बीमारियों का प्रसार न हो और स्वच्छ वातावरण बना रहे.
महिलाओं ने की नियमित जलापूर्ति शुरू कराने की मांग
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने वार्ड की विभिन्न समस्याओं को पार्षद के समक्ष रखा. इनमें सबसे प्रमुख मुद्दा पेयजल संकट का रहा. महिलाओं ने काली मंदिर के समीप किए गए बोरिंग में समरसेबल पंप लगाकर नियमित जलापूर्ति शुरू कराने की मांग की. महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए पार्षद राजू प्रसाद कसेरा ने आश्वासन दिया, कि पेयजल समस्या का जल्द समाधान कराया जाएगा तथा सभी घरों तक पानी पहुंचाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे. पार्षद के इस आश्वासन से उपस्थित महिलाओं में उत्साह और खुशी का माहौल देखा गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वार्ड की महिलाएं उपस्थित थीं और उन्होंने स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने का संकल्प लिया.

यह भी पढ़ें: लॉ यूनिवर्सिटी मामले में HC ने AG को मुख्य सचिव, उच्च शिक्षा सचिव, वित्त सचिव को बुलाने का दिया सुझाव
