West Singhbhum: चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है. वर्षों पुरानी ग्रामीणों की मांग अब पूरी होने की दिशा में आगे बढ़ रही है. चक्रधरपुर विधायक सुखराम उरांव की पहल और अनुशंसा पर सुरबुड़ा पंचायत के हुड़दंगा दूरदूर नाला में पुलिया निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है.
DMFT फंड से होगा पुलिया का निर्माण
पश्चिमी सिंहभूम जिले के DMFT (डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट) फंड के सहयोग से इस पुलिया का निर्माण कराया जाएगा. इसके लिए NRIP (नेशनल रूरल एम्प्लॉयमेंट प्रोग्राम) विभाग, चाईबासा की टीम ने स्थल निरीक्षण किया. विभागीय कनिष्ठ अभियंता (JE) की मौजूदगी में अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण स्थल का जायजा लिया. टीम ने पुलिया निर्माण से जुड़े तकनीकी पहलुओं की जांच की और जमीन की स्थिति का मुआयना किया.
हुड़दंगा दूरदूर नाला पर पुलिया निर्माण पुरानी मांग थी
चक्रधरपुर विधायक सुखराम उरांव ने कहा कि हुड़दंगा दूरदूर नाला पर पुलिया निर्माण ग्रामीणों की वर्षों पुरानी और जायज मांग थी. DMFT फंड के माध्यम से अब यह योजना धरातल पर उतरने जा रही है. उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि सभी तकनीकी प्रक्रियाओं को जल्द पूरा कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाए, ताकि ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े.
ALSO READ: चाईबासा: सोनम वांगचुक के समर्थन में चाईबासा में बाइक रैली, शिक्षा व्यवस्था में सुधार की उठी मांग
जल्द पूरी होगी प्रशासनिक प्रक्रिया
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, स्थल निरीक्षण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. अब आगे की कागजी और प्रशासनिक कार्रवाई को तेजी से पूरा किया जा रहा है, ताकि जल्द से जल्द पुलिया निर्माण कार्य शुरू कर इसे आम जनता को समर्पित किया जा सके.
