Chakradharpur: नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव एवं उपाध्यक्ष विजय साव ने मंगलवार को दंदासाई स्थित रानी तालाब का निरीक्षण कर बरसात के दौरान होने वाली जलजमाव की समस्या का जायजा लिया. इस दौरान वार्ड पार्षद राजू प्रसाद कसेरा, गौतम रवानी, शाहीन तबस्सुम और स्वपन मिस्त्री भी मौजूद रहे. निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने और समस्या के स्थायी समाधान पर चर्चा की गई.
बरसात के दिनों में लोगों को होती है काफी परेशानी
जानकारी के अनुसार, बरसात के दिनों में रानी तालाब का जलस्तर बढ़ने पर निकासी नाली में कचरा जमा होने से पानी का बहाव बाधित हो जाता है. इसके कारण हर वर्ष रानी स्कूल रोड और दंदासाई क्षेत्र में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है. तालाब के दूषित पानी से स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. बता दें कि वार्ड संख्या-5 के पार्षद गौतम रवानी ने हाल ही में इस समस्या से नगर परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को अवगत कराया था. इसके बाद दोनों जनप्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर निकासी नहर का निरीक्षण किया.
चलाया जाएगा सफाई अभियान
निरीक्षण के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव ने कहा कि JCB मशीन के माध्यम से जल्द ही निकासी नहर की सफाई कराई जाएगी. उन्होंने कहा कि मानसून को देखते हुए शहर के सभी जलजमाव वाले स्थानों की पहचान कर सफाई अभियान चलाया जाएगा, ताकि नागरिकों को बरसात के दौरान जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े.
यह भी पढ़ें: दिहाड़ी मजदूर की बेटी पूनम ने NEET में मारी बाजी, CM स्कूल ऑफ एक्सीलेंस की हैं प्रोडक्ट
