Chatra: हंटरगंज थाना क्षेत्र के डटमी गांव में जमीन विवाद को लेकर सगे भाई की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. हंटरगंज पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार विगत 7 जुलाई को सूचना मिली थी कि डटमी गांव में जमीन विवाद के दौरान एक व्यक्ति की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चतरा भेजा. पुलिस के अनुसार मृतक की परिजन पूजा कुमारी के लिखित आवेदन के आधार पर हंटरगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया. जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी विलाश यादव (58 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. वहीं घटना में शामिल अन्यआरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. हंटरगंज पुलिस ने कहा कि जमीन विवाद में हुई हत्या के मामले में संलिप्त अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है. छापेमारी दल में इंस्पेक्टर विपिन कुमार, थाना प्रभारी प्रभात कुमार तथा हंटरगंज थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
AlsoRead:आदिवासी नेत्री निशा कुमारी भगत को झारखंड हाई कोर्ट से अग्रिम जमानत



