Chatra: जिले की सिमरिया थाना क्षेत्र में ग्रामीणों को अपहरण करने का मामला सामने आया हैं. पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद, खुद को प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन एमसीसी का सदस्य बताकर फिरौती मांगने वाले पांच शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. अपराधी इन ग्रामीणों को जंगल में बंधक बनाकर परिजनों से एक लाख रुपए की फिरौती मांग रहे थे.
क्या है मामला
जानकारी के अनुसार, यह घटना 18 जून की रात करीब 10:30 बजे की है. हथियारबंद अपराधियों का एक दस्ता सिमरिया क्षेत्र के तेलियाडीह और गोवदा गांव में दाखिल हुआ. अपराधियों ने वहां के छह ग्रामीणों का जबरन अपहरण कर लिया और उन्हें लेकर घने जंगलों की तरफ भाग निकले. इसके तुरंत बाद अपराधियों ने ग्रामीणों के परिजनों को फोन कर खुद को एमसीसी उग्रवादी बताया और धमकी दी कि अगर एक लाख रुपए की फिरौती नहीं मिली, तो ग्रामीणों को जान से मार दिया जाएगा. इस घटना के बाद से ही पीड़ित परिवारों और पूरे इलाके में दहशत का माहौल था.
जंगल में हुई मुठभेड़, पुलिस के दबाव में भागे अपराधी
जैसे ही पुलिस की स्पेशल टीम सर्च ऑपरेशन चलाते हुए जंगल के भीतर उस ठिकाने के करीब पहुंची जहां ग्रामीणों को बंधक बनाकर रखा गया था, अपराधियों को पुलिस की मौजूदगी का अहसास हो गया. खुद को चारों तरफ से घिरता देख अपराधियों ने पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस बल ने भी तुरंत मोर्चा संभाला और आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की. दोनों ओर से हुई इस मुठभेड़ में पुलिस का पलड़ा भारी पड़ता देख अपराधी घबरा गए. पुलिस के बढ़ते दबाव और ताबड़तोड़ जवाबी कार्रवाई के आगे घुटने टेकते हुए अपराधी बंधक बनाए गए सभी छह ग्रामीणों को मौके पर ही छोड़कर भागने लगे. भाग रहे अपराधियों का पीछा कर पुलिस बल ने सूझबूझ से पांच अपहरणकर्ताओं को दौड़ाकर दबोच लिया. इसके साथ ही पुलिस ने मौके से सभी छह अपहृत ग्रामीणों को सकुशल बरामद कर लिया.
AlsoRead:झारखंड पुलिस: सब इंस्पेक्टर के 6700 में से 2500 पद है खाली


