Bokaro:झारखंड एकेडमिक काउंसिल,रांची (intermediate) द्वारा परिणाम जारी किया गया है. इस परीक्षा में बोकारो जिले की बेटी छोटी कुमारी ने इंटरमीडिएट आर्ट्स संकाय में राज्य में अव्वल स्थान प्राप्त कर बोकारो का मान बढ़ाया. छोटी कुमारी बोकारो के कसमार प्रखंड अंतर्गत पीएम श्री क्षेत्रनाथ+2 उच्च विद्यालय हरनाद की छात्रा है. छोटी ने यह उपलब्धि हासिल कर अपनी मेहनत और काबिलियत का न सिर्फ लोहा मनवाया, बल्कि एक कीर्तिमान स्थापित किया.उसने 500 में से 487 अंक हासिल कर अपने क्षेत्र सहित पूरे बोकारो का परचम लहराया.
मजदूरी करते हैं पिता
छोटी बचपन से ही पढ़ाई में होशियार रही है. पिता भवानी शंकर नायक दैनिक मजदूरी कर घर परिवार का पालन-पोषण करते हैं. आर्थिक तंगहाली और सीमित संसाधनों के बावजूद छोटी कुमारी द्वारा स्टेट में बोकारो की शिक्षा जगत का परचम लहराना, भंवर से कश्ती को किनारे लगाने का आत्मबल को दर्शाता है.

क्षेत्र के लोगों में दौड़ी खुशी की लहर
एक ओर छोटी कुमारी ने जहां ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर बोकारो को नया मुकाम दिया.वहीं, दूसरी ओर शहरी विद्यार्थियों के लिए एक नई चुनौती खड़ी कर दी. गरीबी के बावजूद बोकारो के बेटियों के लिए नई प्रेरणास्रोत बनकर उभरी है.इस उपलब्धि के बाद छोटी के घर क्षेत्र के जन-प्रतिनिधियों और समाजसेवियों के पहुंचने का सिलसिला आरंभ हो गया.सभी अपने क्षेत्र की बेटी को बधाई देकर हर्षित हैं. सोशल मीडिया पर भी सिर्फ छोटी के उपलब्धि की चर्चा है. छोटी कुमारी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की जा रही है. वहीं, छात्रा छोटी कुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दे रही है.
AlsoRead:गिरिडीह में पुलिस और ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प
