Bermo: बेरमो अनुमंडल के नावाडीह प्रखंड अंतर्गत ऊपरघाट के पेंक स्थित अपग्रेड जमा दो उच्च विद्यालय में इन दिनों छात्र पेयजल की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं. पारा चढ़ते ही विद्यालय के बच्चों की मुश्किलें बढ़ गई हैं, जिसे देखते हुए विद्यालय की ’बाल संसद’ ने मुखर होकर अपनी आवाज उठाई है. छात्रों ने डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो को पत्र लिखकर विद्यालय परिसर में अविलंब फिल्टर वाटर कूलर लगवाने की मांग की है, जिससे उनकी समस्या का निराकरण हो सके.
पेयजल की कोई स्थायी सुविधा नहीं
विद्यालय की बाल संसद के सदस्यों में से करण कुमार, समा परवीण, धीरज कुमार महतो, संगीता कुमारी ने विधायक प्रतिनिधि सह विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष विजय कुमार के माध्यम से यह मांग पत्र सौंपा. छात्रों का कहना है कि ऊपरघाट क्षेत्र के इस इकलौते प्लस-टू विद्यालय में 1200 से अधिक बच्चे दूर-दराज के इलाकों से शिक्षा ग्रहण करने आते हैं. विद्यालय दो अलग-अलग कैंपस में संचालित होता है, जिसमें 10$2 कैंपस में पेयजल की कोई स्थायी सुविधा नहीं है. वर्तमान में विद्यालय में मात्र एक चापाकल है, जिस पर बच्चों की भारी भीड़ उमड़ती है.
पानी की तलाश में बच्चे बार-बार प्राथमिक कैंपस की दौड़ लगाते हैं
भीषण गर्मी के कारण जलस्तर नीचे जाने से चापाकल भी साथ छोड़ने लगा है. पानी की तलाश में बच्चों को बार-बार प्राथमिक कैंपस की दौड़ लगानी पड़ती है, जिससे उनकी पढ़ाई भी बाधित हो रही है. बाल संसद के प्रधानमंत्री करण कुमार, जल मंत्री शम्मा परवीन, शिक्षा मंत्री धीरज कुमार महतो और स्वास्थ्य मंत्री संगीता कुमारी ने पत्र में आगाह किया है, कि इस वर्ष रिकॉर्ड गर्मी पड़ने की सूचना मिल रही है. ऐसे में यदि पेयजल की व्यवस्था नहीं हुई तो स्थिति भयावह हो सकती है.
विधायक प्रतिनिधि विजय कुमार ने बच्चों की इस जायज मांग को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया है, कि वे जल्द ही विधायक जयराम कुमार महतो से मुलाकात कर उन्हें इस स्थिति से अवगत कराएंगे और विद्यालय में कम से कम दो फिल्टर वाटर कूलर लगवाने का प्रयास करेंगे ताकि छात्रों को इस तपती गर्मी में राहत मिल सके.
यह भी पढ़ें: खरसावां: मैट्रिक 2026 के जिला टॉपर रौनक हेमब्रोम सम्मानित, अधिकारियों ने दिया उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद
