Ranchi : सरायकेला जिले में सुरक्षा बलों और पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. खुफिया जानकारी के आधार पर चलाई गई घेराबंदी और तलाशी अभियान के दौरान 22 लाख रुपये के कुल इनाम वाले तीन खूंखार नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है.पकड़े गए नक्सलियों में 15 लाख इनामी मदन महतो , पांच लाख इनामी रवि सरदार और उसकी पत्नी दो लाख इनामी मीणा शामिल है. इन नक्सलियों के पास से एक एके-47 राइफल और एक पिस्टल समेत हथियार बरामद किए गए हैं.

सटीक सूचना पर सर्च ऑपरेशन से शुरू हुई कार्रवाई
पुलिस को सटीक सूचना मिली थी कि स्पेशल एरिया कमेटी सदस्य और 5 लाख रुपये का इनामी नक्सली रवि सिंह सरदार उर्फ सागर सिंह सरदार (पिता- राम सिंह उर्फ फौजी सिंह, निवासी- रेंगाडीह, टोला बेनाडीह, थाना नीमडीह, सरायकेला-खरसावां) कांड्रा थाना क्षेत्र के उदयपुर स्थित एक व्यक्ति के घर आया हुआ है. इस इनपुट पर सुरक्षा बलों ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर ‘कॉर्डन एंड सर्च’ ऑपरेशन चलाया और रवि सरदार को धर दबोचा.


कड़ाई से पूछताछ में खुले अन्य ठिकानों के राज
रवि सरदार से कड़ाई से की गई पूछताछ के बाद मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने चांडिल थाना क्षेत्र के कांदेरबेड़ा स्थित बुंगरून उर्फ गोपी पहाड़िया के मकान में छापेमारी की. इस कार्रवाई में दो अन्य इनामी नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया.

मदन महतो उर्फ शंकर: पिता- स्व. बंकिम महतो, निवासी- करमसोल, थाना सालबनी, जिला पश्चिम मेदिनीपुर (पश्चिम बंगाल)
रैंक: रीजनल कमेटी मेंबर
इनाम: 15 लाख रुपये
मीना: पति- बीरेन सिंह उर्फ सागर सिंह, पिता- स्व. सुकू पहाड़िया, निवासी- आमकोचा, थाना बलरामपुर, जिला पुरुलिया (पश्चिम बंगाल) इनाम: 2 लाख रुपये

हथियार बरामद, अन्य दस्ते की तलाश जारी
गिरफ्तार नक्सली सागर सिंह सरदार के पास से एक एके-47 राइफल और एक पिस्तौल बरामद की गई है. पुलिस प्रशासन का कहना है कि यह गिरफ्तारी नक्सली नेटवर्क के लिए एक बड़ा झटका है. इलाके में दस्ता के अन्य सदस्यों की मौजूदगी की संभावना को देखते हुए सघन तलाशी अभियान लगातार जारी है, ताकि बाकी बचे नक्सलियों को पकड़ा जा सके और अन्य हथियारों की बरामदगी की जा सके.

