palamu : झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा का अंतिम संस्कार बुधवार को उसके पैतृक गांव मरहा पथरा में कड़े सुरक्षा पहरे के बीच संपन्न हो गया. पैरोल पर जेल से बाहर आई पत्नी रिया सिन्हा और परिजनों की मौजूदगी में सुजीत सिन्हा के पुत्र अक्षत कुमार ने धार्मिक रीति-रिवाज के साथ अपने पिता को मुखाग्नि दी.
न्यायालय से मिली पैरोल, गांव पहुंचीं पत्नी रिया
बुधवार को कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा को अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पैरोल पर जमानत दे दी गई. पत्नी रिया और पुत्र अक्षत के गांव पहुंचते ही परिजनों की मौजूदगी में दाह संस्कार की प्रक्रिया शुरू की गई.


भारी पुलिस बल तैनात, अंतिम दर्शन के लिए उमड़ा ग्रामीणों का हुजूम
संभावित भीड़ और सुरक्षा स्थिति को देखते हुए पलामू जिला प्रशासन और पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा. हुसैनाबाद से लेकर मरहा पथरा गांव तक भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी. अंतिम संस्कार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए थे. वहीं, सुजीत सिन्हा के अंतिम दर्शन के लिए स्थानीय ग्रामीणों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा. गौरतलब है कि हाल ही में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए सुजीत सिन्हा का शव उनके छोटे भाई अरुण के साथ गांव पहुंचा था, जहां परिजनों द्वारा पैरोल प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार किया जा रहा था. बुधवार को सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अंतिम संस्कार संपन्न करा दिया गया.


Also Read : रश्मि इलेक्ट्रॉनिक्स चोरी कांड: सामान बरामदगी की मांग को लेकर व्यापारियों ने विधायक को सौंपा ज्ञापन

