Ranchi: टीवी बहसों में विरोधियों के तीखे हमलों को संयम और अकाट्य तथ्यों से कैसे नेस्तनाबूद करना है, इसकी खास व्यूहरचना झारखंड कांग्रेस तैयार कर रही है. झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नवगठित मीडिया टीम को हाईटेक, धारदार और पूरी तरह पेशेवर बनाने के लिए जून में रांची के प्रेस क्लब में सुबह 10 बजे से एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है.

यह कार्यशाला सिर्फ पारंपरिक प्रेस नोट तक सीमित नहीं होगी, बल्कि आधुनिक डिजिटल दौर की चुनौतियों से निपटने का एक मास्टरक्लास होगी. प्रदेश मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने बताया कि इस शिविर में पार्टी के प्रदेश प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के साथ मीडिया जगत के नामचीन वरिष्ठ विशेषज्ञ नए प्रवक्ताओं को तराशेंगे.
Also Read: पूर्व विधायक के घर के बगल में चोरों का तांडव, 5 लाख के जेवर और नकदी लेकर फरार, पुलिस पर उठे सवाल
क्या होंगे ट्रेनिंग के मुख्य बिंदु
कैमरा फेसिंग और बॉडी लैंग्वेज: प्रवक्ताओं को कैमरे के सामने आत्मविश्वास, सही हाव-भाव और सीमित समय में अपनी बात रखने का व्यावहारिक अभ्यास कराया जाएगा.
इतिहास और विचारधारा का संबल: प्रवक्ताओं को वर्ष 1885 से आज तक देश की आजादी, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक न्याय में कांग्रेस के योगदान से लैस किया जाएगा, ताकि वे पूरी स्पष्टता के साथ राहुल गांधी और केंद्रीय नेतृत्व की नीतियों को जनता के बीच ले जा सकें.
संकट प्रबंधन और मीडिया रिलेशन: सोशल मीडिया पर आक्रामक प्रचार और किसी भी राजनीतिक विवाद या संकट के समय त्वरित एवं जिम्मेदार प्रतिक्रिया देने की ट्रेनिंग दी जाएगी. साथ ही पत्रकारों के साथ भरोसेमंद कामकाजी रिश्ते और प्रेस वार्ता के शिष्टाचार भी सिखाए जाएंगे.
