Jamtada:जिले में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) एवं ऑल इंडिया फेडरेशन के तत्वावधान में मंगलवार को समाहरणालय परिसर स्थित शिशु बागान में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया. इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक जुटे तथा समाहरणालय के मुख्य गेट के समीप केंद्र एवं राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों ने “भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी जिंदाबाद”, “महंगाई पर रोक लगाओ”, “पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमत वापस लो” जैसे नारों के साथ अपनी मांगों को बुलंद किया.

केंद्र ऑर राज्य सरकार की नीतियों पर हमला
धरना-प्रदर्शन के दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला. वक्ताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अव्यवस्था से आम जनता परेशान है. उन्होंने आरोप लगाया कि गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों की समस्याओं को सरकार नजरअंदाज कर रही है. ऑल इंडिया फेडरेशन के नेता मिहिर मंडल ने कहा कि धरना प्रदर्शन के बाद 14 सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री को सौंपा जाएगा. उन्होंने बताया कि ज्ञापन में पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर नियंत्रण, एलपीजी गैस की बढ़ती कीमत, बिजली समस्या, स्वास्थ्य व्यवस्था, रोजगार संकट सहित कई जनहित के मुद्दों को शामिल किया गया है.
थाना और ब्लॉक बने पैसे उगाही का केंद्र: मिहिर मंडल
मिहिर मंडल ने आरोप लगाया कि झारखंड में थाना और प्रखंड कार्यालय “पैसा उगाही का केंद्र” बन चुके हैं. उन्होंने कहा कि बिना पैसे दिए आम लोगों का कोई काम नहीं हो रहा है और पूरे राज्य में अधिकारियों की मनमानी चल रही है. उन्होंने नीट पेपर लीक मामले का जिक्र करते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा और केंद्रीय शिक्षा मंत्री को बर्खास्त करने की मांग की.
बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार होने का आरोप
वहीं भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय परिषद सदस्य कन्हाई चंद्र मल पहाड़िया ने कहा कि जिले में अवैध खनन, धान खरीद में गड़बड़ी, मनरेगा सहित कई विभागों में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि भूमि संरक्षण विभाग और अन्य सरकारी विभागों में भी घोटाले हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि इन सभी मुद्दों को उपायुक्त के समक्ष रखा जाएगा, ताकि प्रशासन आवश्यक कार्रवाई कर सके.,उन्होंने कहा कि लगातार पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि से महंगाई चरम पर पहुंच गई है, जिसका सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जनसमस्याओं पर ध्यान नहीं दिया तो भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज करेगी तथा सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रहेगा.
