गुदड़ी के विकास और वन पट्टा मुद्दों पर जोबा-जगत माझी का भरोसा, कहा- हर हाल में पूरे होंगे देवेंद्र माझी के सपने

Chakradharpur: मंगलवार को गुदड़ी प्रखंड के लिगिर ग्राम में मानकी मनोहर बरजो और झारखंड आंदोलनकारी नरेश बरजो के दुलसुनुम कार्यक्रम में सिंहभूम...

Chakradharpur: मंगलवार को गुदड़ी प्रखंड के लिगिर ग्राम में मानकी मनोहर बरजो और झारखंड आंदोलनकारी नरेश बरजो के दुलसुनुम कार्यक्रम में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी एवं मनोहरपुर विस क्षेत्र के विधायक जगत माझी शामिल हुए. इस दौरान सांसद और विधायक ने विधि-विधान से दोनों को श्रद्धांजलि अर्पित की.

ग्रामीणों ने वन पट्टा और विकास से जुड़ी समस्याएं उठाईं

इस मौके पर सांसद और विधायक ने ग्रामीणों के साथ संवाद किया. जिसमें ग्रामीणों ने वन पट्टा वितरण में आ रही परेशानियों से अवगत कराते हुए समाधान की मांग की. इसके अलावा ग्रामीणों ने क्षेत्र की अन्य समस्याओं को भी सांसद और विधायक के समक्ष रखा. सांसद और विधायक ने क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ समाधान करने का आश्वासन दिया. सांसद जोबा माझी ने कहा वन अधिकार अधिनियम लागू होने से पूर्व यहां एक पत्ता भी तोड़ना अपराध माना जाता था, लेकिन आज वन ग्रामों में बसे लोगों को वन पट्टा मिल रहा है. यही नहीं यहां सड़क, पुल-पुलिया का भी निर्माण कराया जा रहा है.

मोबाइल कनेक्टिविटी और विकास कार्यों पर दिया भरोसा

मोबाइल कनेक्टिविटी के संबंध में सांसद ने कहा कि इस दिशा में जिला प्रशासन और टेलीकॉम कंपनियों के साथ लगातार संपर्क स्थापित किया जा रहा है, जल्द ही इस समस्या का भी समाधान कर दिया जाएगा. सांसद ने कहा देवेंद्र माझी, नरेश बरजो और मनोहर बरजो के सपनों को पूरा करने के लिए हमें एकजुट होकर रहना होगा. विधायक जगत माझी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा सारंडा-पोड़ाहाट क्षेत्र के रहने वाले लोग हमारे परिवार की तरह हैं. यहां का विकास हमारी प्राथमिकता है. पहले के मुकाबले आज की तिथि में विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं.

ALSO READ: हल्की और प्रोटीन से भरपूर स्प्राउट्स सलाद से गर्मी को मात दें

वन विभाग की अड़चनों से विकास कार्य प्रभावित

विधायक ने कहा सारंडा-पोड़ाहाट क्षेत्र में वन विभाग की अड़चनों के कारण विकास कार्यों को पूरा करने में विलंब होता है. शहीद देवेंद्र माझी यहां के लोगों को हक-अधिकार दिलाने के लिए लंबे समय तक संघर्ष कर लोगों को एकजुट किया. उन्होंने कहा कि वनाधिकार पट्टा वितरण में अगर देर हो रहा है तो हमें फिर से एकजुटता दिखाने की जरूरत है. विधायक ने ग्रामीणों से कहा आप तिथि तय करें, हम यहां की समस्याओं के समाधान के लिए उपायुक्त समेत सभी विभाग के अधिकारियों को लेकर आएंगे.

इससे पूर्व ग्रामीणों ने सांसद और विधायक का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया. कार्यक्रम में मानकी बिरसा बरजो, गुदड़ी झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष सुनील बुढ़, रोलेन बरजो, फ्रांसिस जेवियर केसरा, गोसनर बरजो, रंजीत सुरीन, प्रेमचंद लोमगा, जॉन बरजो समेत काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *