Bokaro : भाकपा बोकारो थर्मल शाखा की एक महत्वपूर्ण बैठक जानकी महतो की अध्यक्षता में DVC मजदूर यूनियन कार्यालय में मंगलवार को संपन्न हुई. बैठक की शुरुआत में दिवंगत मोहन रात्रे के निधन पर एक मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई. तत्पश्चात बेरमो अंचल मंत्री ब्रजकिशोर सिंह ने अंचल बैठक की रिपोर्टिंग प्रस्तुत की. बैठक में शाखा सचिव रामेश्वर साव ने राज्य नेतृत्व के आह्वान पर 6 से 14 अगस्त तक जन जागरण और पदयात्रा तथा 1 सितंबर को आयोजित ‘दिल्ली चलो’ कार्यक्रम के एजेंडे को विस्तार से रखा.
SIR, बिजली-पानी और स्मार्ट मीटर मुद्दे पर गांव-गांव पदयात्रा का निर्णय
सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि स्थानीय जन समस्याओं को लेकर 8 और 10 अगस्त को गोविंदपुर बस्ती, जरवा बस्ती, राजाबाजार, बाजारटांड तथा लहरिया टांड गांव में पदयात्रा निकाली जाएगी.इस दौरान एसआईआर, बिजली, पानी और स्मार्ट मीटर जैसी ज्वलंत समस्याओं पर आम जनता के साथ चर्चा की जाएगी.इसके अलावा, 1 सितंबर को दिल्ली में आयोजित विशाल रैली में भाग लेने के लिए बोकारो थर्मल से कार्यकर्ताओं का जत्था रवाना होगा. कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए दीवार लेखन का कार्य भी किया जाएगा.
शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर बल प्रयोग अनुचित: भाकपा ने सरकार को घेरा
बैठक के दौरान भाकपा बोकारो थर्मल शाखा ने दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर सोमवार को हुए बर्बर लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निंदा की. वक्ताओं ने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार और लूट-खसोट पर अंकुश लगाने तथा छात्र-छात्राओं को न्याय देने के बजाय बल प्रयोग कर उनका मनोबल तोड़ने का काम कर रही है, जो पूरी तरह से अनुचित है.बैठक में मुख्य रूप से मो शाहजहां, विश्वनाथ महतो, आबिद परवेज, असीम तिवारी, नवीन पाठक, सत्यजीत राय, अर्जुन राम, अलीमुद्दीन अंसारी, परन महतो, रामचंद्र ठाकुर और रेवतलाल महतो सहित कई लोग उपस्थित थे.
Also Read : हजारीबाग में हत्याकांड का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
