हजारीबाग में हत्याकांड का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Hazaribagh : हजारीबाग पुलिस ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र में हुए चर्चित हत्या कांड का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए मामले के मुख्य आरोपी...

अपराध

Hazaribagh : हजारीबाग पुलिस ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र में हुए चर्चित हत्या कांड का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए मामले के मुख्य आरोपी पवन कुमार दास को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने साथी विकास कुमार सिंह की शराब के नशे में बेरहमी से हत्या कर दी थी. घटना के बाद पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर आरोपी तक पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया. पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अनुसार, मुफस्सिल थाना में सूचना मिली थी कि विकास कुमार सिंह (पिता- स्व. नरेंद्र सिंह), निवासी डेंटल कॉलेज, हजारीबाग की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई है. इस संबंध में मुफस्सिल थाना कांड संख्या 117/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1)/3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई.

एसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम गठित की गई. टीम में मुफस्सिल थाना प्रभारी, थाना के पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, तकनीकी जांच तथा परिस्थितिजन्य प्रमाणों के आधार पर आरोपी पवन कुमार दास की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया.

पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह और मृतक विकास कुमार सिंह एक-दूसरे के अच्छे दोस्त थे. किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था, जिसके बाद उसने विकास कुमार सिंह को रास्ते से हटाने की योजना बनाई. पुलिस जांच में सामने आया कि 18 जुलाई 2026 की देर रात आरोपी ने विकास कुमार सिंह को अत्यधिक शराब पिलाई. जब वह नशे और नींद की हालत में हो गया तो आरोपी ने उसे जमीन पर मुंह के बल पटक दिया और लात-घूंसों से लगातार हमला किया. गंभीर चोट लगने से विकास कुमार सिंह की मौके पर ही मौत हो गई.

मोबाइल फोन बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद किया है, जिसे मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान पवन कुमार दास (35 वर्ष), पिता- सहदेव दास, निवासी सिरसीडीह, थाना मुफस्सिल, जिला हजारीबाग के रूप में हुई है. छापेमारी अभियान में मुफस्सिल थाना प्रभारी मुकेश कुमार सिंह, पुलिस पदाधिकारी जितेंद्र भगत, विंद्यानंद कुमार (अनुसंधानकर्ता), रजत तथा मुफस्सिल थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे.

Also Read : हजारीबाग ट्रेजरी से अवैध निकासी मामले में सौरभ कुमार सिंह की जमानत याचिका पर सुनवाई पूरी, फैसला कल

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *