Giridih: आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में उपायुक्त रामनिवास यादव ने 100 से अधिक फरियादियों की शिकायतें सुनीं. इस दौरान कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए.


मृत्यु प्रमाण पत्र मिलने पर महिला ने जताया आभार
गांडेय प्रखंड की जामजोरी पंचायत निवासी रेशमी कुमारी ने अपने पति रंजीत कुमार मंडल का मृत्यु प्रमाण पत्र जारी नहीं होने की शिकायत रखी. उपायुक्त के हस्तक्षेप के बाद संबंधित अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रमाण पत्र निर्गत किया. इससे राहत मिलने पर महिला ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया.
आवासहीन परिवार को योजना से जोड़ने का निर्देश

धनवार प्रखंड के डोरंडा निवासी कृष्ण यादव ने आवास नहीं होने की समस्या बताते हुए सहायता की मांग की. मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी को जांच कर पात्रता के आधार पर अंबेडकर आवास योजना का लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
वज्रपात पीड़ित परिवार को सहायता राशि दिलाने के निर्देश
तिसरी अंचल की ममता कुमारी ने अपने पति की वज्रपात से हुई मृत्यु के बाद सहायता राशि दिलाने की मांग की. उपायुक्त ने संबंधित अंचलाधिकारी को जांच कर आपदा प्रबंधन विभाग के प्रावधानों के तहत चार लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने का निर्देश दिया.
ALSO READ : तीन दिवसीय अखंड हरि कीर्तन का हुआ भव्य समापन, भक्ति और संस्कृति के रंग में रंगा राहे
आधार कार्ड और बिजली समस्या का भी हुआ समाधान

जनता दरबार में एक बच्ची के आधार कार्ड निर्माण में आ रही तकनीकी समस्या का मामला भी सामने आया. उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को त्रुटियों का निराकरण कर जल्द आधार कार्ड जारी करने का निर्देश दिया.
वहीं गिरिडीह प्रखंड की परसाटॉड पंचायत के चंदनडीह गांव के ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर खराब होने से बाधित बिजली आपूर्ति की शिकायत की. इस पर उपायुक्त ने विद्युत विभाग को आवश्यक मरम्मत कर क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
विभिन्न योजनाओं से जुड़े मामलों पर हुई सुनवाई

जनता दरबार में राशन कार्ड, खाद्यान्न वितरण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, कृषि, भूमि विवाद, म्यूटेशन, लगान रसीद, वन पट्टा, जमाबंदी, आवास, पेयजल, बिजली तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े अनेक मामले भी आए. उपायुक्त ने सभी विभागों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
जनता दरबार समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच : उपायुक्त
उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि जनता दरबार आम लोगों की समस्याओं के समाधान का एक प्रभावी माध्यम है. जिला प्रशासन जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
ALSO READ : हाई रिस्क गांव में 100% TB स्क्रीनिंग, ग्रामीणों को मिला निःशुल्क एक्स-रे जांच का लाभ
