Click Here
Click Here
Click Here

शादी का झांसा देकर साइबर ठगी: UK का कारोबारी बनकर युवती से 15 लाख रुपये ऐंठे

News Wave Desk: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में साइबर ठगों ने शादी का झांसा देकर एक युवती से करीब 15 लाख रुपये...

image: AI Generated

News Wave Desk: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में साइबर ठगों ने शादी का झांसा देकर एक युवती से करीब 15 लाख रुपये की ठगी कर ली. मामला पिपराइच थाना क्षेत्र का है, जहां पीड़िता के भाई की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरोपी ने खुद को यूनाइटेड किंगडम (यूके) का सफल कारोबारी बताकर पहले सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती की और फिर विश्वास जीतकर लाखों रुपये ठग लिए.

व्हाट्सएप पर बढ़ी बातचीत, खुद को यूके का बिजनेसमैन बताया

पीड़िता के भाई ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बहन को इंस्टाग्राम पर एक मैरिज ब्यूरो का विज्ञापन दिखाई दिया. विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद व्हाट्सएप के जरिए बातचीत शुरू हुई. कुछ दिनों बाद राहुल सिंघानिया नाम बताने वाले एक व्यक्ति ने विदेशी नंबर से संपर्क किया. उसने खुद को यूके में रहने वाला व्यवसायी बताया और दावा किया कि उसका कार शोरूम और शॉपिंग मॉल का कारोबार है. बातचीत के दौरान उसने युवती के सामने शादी का प्रस्ताव भी रखा.

महंगे गिफ्ट और डॉलर भेजने का दिया लालच

विश्वास जीतने के बाद आरोपी ने युवती को डायमंड रिंग, महंगे उपहार, आभूषण और डॉलर भेजने का वादा किया. इस बहाने उसने युवती से आधार कार्ड सहित अन्य जरूरी जानकारी हासिल कर ली. कुछ दिनों बाद आरोपी ने दावा किया कि उसने विदेश से पार्सल भेज दिया है.

पार्सल छुड़ाने के नाम पर शुरू हुई पैसों की मांग

इसके बाद खुद को पार्सल एजेंसी का कर्मचारी बताने वाले अलग-अलग लोगों ने युवती से संपर्क किया. उन्होंने बताया कि पार्सल में विदेशी मुद्रा और कीमती सामान है, जिसे छुड़ाने के लिए डॉलर को भारतीय मुद्रा में बदलने, इमिग्रेशन शुल्क, कस्टम ड्यूटी और टैक्स जमा करना होगा. इसी बहाने अलग-अलग खातों में लगातार रुपये जमा कराए गए.

Read Also: अमरनाथ यात्रा को लेकर भारतीय सेना अर्लट, जम्मू में किया आतंकी ठिकाना ध्वस्त

CBI कार्रवाई और जेल भेजने की धमकी देकर वसूले लाखों रुपये

जब परिवार को शक होने लगा तो ठगों ने नया हथकंडा अपनाया. आरोपियों ने दावा किया कि पार्सल में करोड़ों रुपये का सामान मिला है और इस मामले में सीबीआई जांच हो सकती है. उन्होंने परिवार को जेल भेजने और कानूनी कार्रवाई की धमकी देते हुए 5.70 लाख रुपये और जमा कराने का दबाव बनाया.

23 से 29 जून के बीच 15 लाख रुपये की ठगी

पीड़ित परिवार के अनुसार, 23 जून से 29 जून के बीच विभिन्न बैंक खातों, यूपीआई, क्यूआर कोड और ग्राहक सेवा केंद्रों के माध्यम से करीब 15 लाख रुपये आरोपियों को भेज दिए गए. इसके बाद भी 30 जून से ठग लगातार और रुपये की मांग करते हुए धमकियां दे रहे हैं.

शादी और मकान के लिए जोड़ी गई थी रकम

पीड़ित परिवार ने पुलिस को बताया कि ठगी गई पूरी राशि युवती की शादी और मकान निर्माण के लिए वर्षों से बचाकर रखी गई थी. साइबर ठगी के कारण परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है.

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू

एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पिपराइच थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस साइबर ठगी के इस नेटवर्क की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं.

WhatsApp-Image-2026-06-15-a
सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *