Dhanbad: जिले की पुलिस को बुधवार को बड़ी मजबूती मिली है. जिले के पुलिस केंद्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 45 नई हाईटेक पेट्रोलिंग बाइक को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न थानों और ओपी क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया. कार्यक्रम में आदित्य रंजन और प्रभात कुमार संयुक्त रूप से शामिल हुए. दोनों ने हरी झंडी दिखाकर हाईटेक पेट्रोलिंग बाइक को रवाना किया.

गश्त होगी और मजबूत
नई बाइक मिलने से शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक पुलिस गश्त और त्वरित कार्रवाई की क्षमता बढ़ेगी. मौके पर डीसी आदित्य रंजन ने कहा कि राज्य सरकार पुलिस व्यवस्था को आधुनिक और सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है. अपराध नियंत्रण, त्वरित कार्रवाई और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस बल को आधुनिक तकनीक और संसाधनों से लैस किया जा रहा है.
संवेदनशील इलाकों पर फोकस
उन्होंने कहा कि नई बाइक के जरिए भीड़भाड़ वाले बाजारों, संवेदनशील क्षेत्रों और गांवों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ेगी, जिससे अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी.
24 घंटे गश्त में होंगी तैनात
वहीं एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि नई पेट्रोलिंग बाइक का इस्तेमाल चौबीसों घंटे गश्त के लिए किया जाएगा. उन्होंने कहा कि डायल 112 सेवा के रिस्पॉन्स टाइम के मामले में धनबाद पुलिस पूरे झारखंड में बेहतर प्रदर्शन कर रही है और नई बाइक मिलने से पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता और मजबूत होगी.
GPS और वायरलेस से लैस
उन्होंने जानकारी दी कि सभी बाइक आधुनिक जीपीएस सिस्टम, ब्लिंकर, सायरन और वायरलेस सेट से लैस हैं, जिससे कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी संभव होगी. एसएसपी ने बताया कि पिछले वर्ष भी धनबाद पुलिस को 70 पेट्रोलिंग बाइक, 50 सिटी हॉक्स बाइक और 40 बोलेरो वाहन उपलब्ध कराए गए थे.
कार्यक्रम में रहे मौजूद
कार्यक्रम में एस मोहम्मद याकूब, नौशाद आलम, धीरेन्द्र नारायण बंका, सुमित कुमार, शंकर कामती सहित कई पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद रहे.
