Saraikela: राजनगर प्रखंड अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर, किता का उपायुक्त सरायकेला-खरसावां श्री नितिश कुमार सिंह द्वारा औचक निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान चिकित्सा पदाधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति पंजी, दवा उपलब्धता पंजी, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाएं, भवन परिसर की व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन किया गया.
स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर
इस क्रम में आमजनों को सुगम, सुलभ एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
उपस्थिति और अनुशासन
उपायुक्त द्वारा नियमित रोस्टर के अनुरूप चिकित्सा पदाधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. साथ ही एमओआईसी एवं सभी चिकित्सा पदाधिकारियों/चिकित्सकों को प्रखंड क्षेत्र में अवस्थित सरकारी आवास/क्वार्टर में निवास करने तथा बिना पूर्व अनुमति जिला मुख्यालय से बाहर नहीं जाने का सख्त निर्देश दिया गया.
बंद केंद्रों को चालू करने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन को निर्देशित किया गया कि किसी भी कारणवश बंद पड़े स्वास्थ्य केंद्रों एवं उप स्वास्थ्य केंद्रों को पुनः क्रियाशील करते हुए आवश्यक मरम्मती कार्य सुनिश्चित किया जाए तथा जर्जर भवन वाले स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक सुधार कर स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाया जाए.
गुणवत्तापूर्ण सेवा सुनिश्चित करने के निर्देश
साथ ही यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों एवं उप स्वास्थ्य केंद्रों में लोगों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों.
लापरवाही पर सख्त कार्रवाई
उपायुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनियमितता अथवा स्वास्थ्य केंद्र बंद पाए जाने की स्थिति में संबंधित एमओआईसी, चिकित्सा पदाधिकारी, चिकित्सा कर्मी एवं अन्य संबंधित कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी.
प्रशासन का उद्देश्य
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है कि आमजनों को उनके निकटतम स्वास्थ्य केंद्र एवं उप स्वास्थ्य केंद्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं. उपलब्ध संसाधनों एवं मानव संसाधन का समुचित उपयोग करते हुए लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा प्रदान करना सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों की जिम्मेदारी है.
व्यवहार पर भी निर्देश
साथ ही स्वास्थ्य कर्मियों को आमजनों के साथ सहयोगात्मक एवं संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने कहा कि मरीजों एवं परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार अथवा स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी.
ये रहे मौजूद
निरीक्षण के क्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी राजनगर श्री मलय कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री अविनाश कुमार एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे.
