Lohardaga: उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में आज स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित हुई. बैठक में सर्वप्रथम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में पेयजल, विद्युत और शौचालय की उपलब्धता की समीक्षा की गई. इसमें छूटे हुए स्वास्थ्य केंद्रों में पेयजल एवं विद्युत की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया.
मातृ स्वास्थ्य की समीक्षा
आरसीएच इंडिकेटर के अंतर्गत मातृ स्वास्थ्य की समीक्षा की गई, जिसमें कम कवरेज वाले स्वास्थ्य उपकेंद्रों में उपलब्धि बढ़ाने का निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने कहा कि सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एनसी कवरेज बढ़ाएं. जहां कम उपलब्धि है, उसकी बार-बार समीक्षा करें. वीएचएसएनडी में अधिकतम कवरेज सुनिश्चित करें और लोगों को मोबिलाइज करें.
संस्थागत प्रसव पर फोकस
एएनसी-4 एवं संस्थागत प्रसव में कम उपलब्धि वाले प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि एएनसी-4 तक का कवरेज 100 प्रतिशत हो. सभी प्रसव संस्थागत रूप से कराए जाएं. सिविल सर्जन को इसकी नियमित मॉनिटरिंग का निर्देश दिया गया.
सहिया की भूमिका और जवाबदेही
स्वास्थ्य उपकेंद्र स्तर पर डिलीवरी प्वाइंट में नियमित रूप से संस्थागत प्रसव हो. एल-1 डिलीवरी प्वाइंट के अंतर को कम करने का निर्देश दिया गया. सहिया को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि समय पर उपलब्ध कराई जाए. साथ ही, जो सहिया संस्थागत प्रसव के लिए गर्भवती महिलाओं को मोबिलाइज करने में लापरवाही बरत रही हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया.
जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम
जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि इस योजना के तहत गर्भवती महिलाओं को निःशुल्क दवाइयां, निःशुल्क जांच, निःशुल्क आहार एवं निःशुल्क प्रसव की सुविधा उपलब्ध कराई जाए.
टीकाकरण बढ़ाने का निर्देश
बच्चों के स्वास्थ्य कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने सभी टीकाकरण समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया. साथ ही आरआई कवरेज बढ़ाने पर भी जोर दिया.
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को बेहतर कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया गया. साथ ही शिक्षा विभाग से समन्वय स्थापित कर विद्यालयों में अधिक से अधिक बच्चों को इस योजना से लाभान्वित करने को कहा गया.
कुपोषित बच्चों की पहचान
एमटीसी केंद्रों में नियमित रूप से अति गंभीर कुपोषित बच्चों की भर्ती करने और उनकी सतत मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया गया. अति गंभीर कुपोषित बच्चों की नियमित पहचान सुनिश्चित करने को कहा गया.
टीबी उन्मूलन अभियान
VHSND के दौरान नियमित रूप से टीबी मरीजों की पहचान करने का निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने कहा कि टीबी रोगियों की पहचान के लिए लगातार अभियान चलाया जाए.
मलेरिया नियंत्रण पर जोर
उपायुक्त ने कहा कि सभी इंडिकेटर्स में प्रगति लाई जाए. मलेरिया की रोकथाम के लिए लगातार रसायनों का छिड़काव कराया जाए.
निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश
15वें वित्त आयोग की राशि से निर्माणाधीन बीपीएचयू का कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया. पीएम-अभिम अंतर्गत मलंग टोली में स्वास्थ्य उपकेंद्र, जिला अस्पताल में आईपीएचएल तथा 100 बेड वाले क्रिटिकल केयर यूनिट का निर्माण कार्य पूरा कर हैंडओवर करने का निर्देश संबंधित एजेंसी को दिया गया.
डिजिटल हेल्थ मिशन की समीक्षा
मुख्यमंत्री डिजिटल हेल्थ योजना एवं एबीडीएम की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी नर्सों का हेल्थ प्रोफेशनल रजिस्ट्रेशन शत-प्रतिशत पूरा करने का निर्देश दिया. ओपीडी, क्लिनिक एवं लैब का एचएफआर कराने तथा आभा कार्ड का लक्ष्य पूर्ण करने का भी निर्देश दिया गया.
अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में सिविल सर्जन डॉ. राजू कच्छप, सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. शंकर प्रसाद, डॉ. डी.एन. सिंह, डीपीएम, सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे.



