Koderma: समाहरणालय सभागार में बुधवार को उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, हजारीबाग के प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में उपायुक्त, सभी अंचल अधिकारियों, अवर निबंधक, भूमि सुधार उपसमाहर्ता तथा संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे. इस दौरान न्यायालय वादों के निष्पादित एवं लंबित मामलों, भू-अर्जन एवं भू-हस्तांतरण, जिला आंतरिक संसाधन समिति, जिला टास्क फोर्स (अवैध खनन की रोकथाम) तथा जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई.
समयबद्ध सेवा उपलब्ध कराने का निर्देश
बैठक के दौरान प्रमंडलीय आयुक्त ने दाखिल-खारिज, रसीद निर्गत, रजिस्ट्री तथा आवासीय, जाति एवं आय प्रमाण-पत्रों के निष्पादन की समीक्षा करते हुए सभी अंचल अधिकारियों एवं संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि आमजनों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े तथा सभी मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान में विलंब नहीं होना चाहिए और जनहित के मामलों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए.
भू-अर्जन और भू-हस्तांतरण मामलों के त्वरित निपटारे पर जोर
भू-अर्जन एवं भू-हस्तांतरण मामलों की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने परियोजनाओं से जुड़े लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं को गति देने के लिए भूमि हस्तांतरण से संबंधित मामलों का त्वरित समाधान आवश्यक है. राजस्व संग्रहण की समीक्षा के क्रम में आयुक्त ने खनन, उत्पाद, निबंधन, परिवहन, वाणिज्य कर, कृषि, माप एवं तौल, बाजार समिति, मत्स्य तथा नगर निकाय सहित विभिन्न विभागों के वार्षिक लक्ष्य एवं उपलब्धियों का आकलन किया. सभी विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की राजस्व प्राप्ति एवं प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की.
अवैध शराब और खनन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
परिवहन विभाग की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्धारित राजस्व लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए. उत्पाद विभाग की समीक्षा में उन्होंने अवैध शराब निर्माण, भंडारण एवं तस्करी के विरुद्ध सघन छापेमारी अभियान चलाने को कहा खनन विभाग की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने विभिन्न घाटों से हो रहे अवैध बालू उठाव एवं अन्य अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सतत निगरानी और जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया. उन्होंने अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा.
लंबित दाखिल-खारिज मामलों पर जताई नाराजगी
आयुक्त ने लंबित दाखिल-खारिज मामलों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी अंचल अधिकारियों को ऐसे मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि दाखिल-खारिज मामलों में अनावश्यक लंबितता किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी. बैठक में उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता, उप विकास आयुक्त रवि जैन, अपर समाहर्ता संजय पीएम कूजूर, अनुमंडल पदाधिकारी निर्मल सोरेन, जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी, जिला योजना पदाधिकारी अनूप कुजूर, जिला आपूर्ति पदाधिकारी राम रतन वर्णवाल सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे.



