Gumla : उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो बुधवार को गुमला प्रखंड के तेतरडीपा गांव पहुंचे. जहां सबसे दूर सबसे पहले अभियान कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों के साथ संवाद किया. इस दौरान गांव में संचालित विकास योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की. इस दौरान कोरबा जनजातीय परिवारों से जुड़कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली. तेतरडीपा गांव में कुल 17 घर, 21 परिवार में लगभग 72 की आबादी निवास करती है. जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल एवं बिजली की समस्या प्रमुख रूप से रखी. इस पर उपायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर पेयजल समस्या का समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. जिन घरों तक अब तक नल-जल कनेक्शन नहीं पहुंचा है. वहां शीघ्र टैप वाटर सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए.

अलग अलग योजनाओं की समीक्षा
बिरसा आवास योजना की समीक्षा करते हुए लाभुकों से आवास निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने का अनुरोध किया गया. डाकिया योजना एवं पेंशन योजना के तहत ग्रामीणों ने बताया कि अधिकांश परिवारों को योजनाओं का लाभ प्राप्त हो रहा है.
ग्रामीण युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने पर विशेष बल देते हुए पंचायत सचिव को गांव के शिक्षित युवाओं की सूची तैयार करने का निर्देश दिया. ताकि उनकी रुचि एवं योग्यता के अनुसार उन्हें कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जोड़ा जा सके.
आयुष्मान भारत योजना के तहत जिन लोगों का आयुष्मान कार्ड अब तक नहीं बना है, उनकी समस्याओं का समाधान कर शीघ्र कार्ड निर्माण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. खराब सोलर लाइट एवं सोलर ग्रिड की स्थिति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि खराब सोलर लाइटों की मरम्मत शीघ्र कराई जाएगी. ग्रामीणों को बकरी पालन योजना से जोड़ने, आंगनबाड़ी केंद्र में वायरिंग कार्य कराने का आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए.
ये रहे मौजूद
मौके पर अपर समाहर्ता शशिंद्र कुमार बड़ाईक, सिविल सर्जन शंभूनाथ चौधरी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी राजीव नीरज, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आरती कुमारी, भूमि संरक्षण पदाधिकारी आशीष प्रताप समेत अन्य मौजूद रहे.
ALSO READ : उमेश प्रसाद सिंह बनें बालूमाथ के नए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी
