Koderma: जिले के तमाम डिग्री कॉलेजों को विनोबा भावे विश्वविद्यालय (VBU) हजारीबाग में ही बनाए रखने की मांग को लेकर "शिक्षा व शैक्षणिक संस्थान बचाओ, छात्रों-नौजवानों का भविष्य बचाओ, कोडरमा बचाओ" अभियान के तहत कोर कमेटी की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता संरक्षक सदस्य सुरेश प्रसाद यादव ने की, जबकि संचालन सचिव देवेंद्र कुमार ने किया. बैठक में आंदोलन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई.
4 अगस्त को जेजे कॉलेज में होगा धरना
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान जिले के जनप्रतिनिधियों के माध्यम से इस मुद्दे को सदन में प्रमुखता से उठाने का प्रयास किया जाएगा. वहीं, 4 अगस्त को जे जे कॉलेज प्रांगण में एक दिवसीय धरना आयोजित किया जाएगा. धरना के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्राचार्य और उपायुक्त को सौंपा जाएगा.
गांव-गांव तक आंदोलन पहुंचाने की तैयारी
बैठक में आंदोलन को और मजबूत करने के लिए प्रत्येक प्रखंड में संघर्ष समिति का गठन करने का निर्णय लिया गया. इसके साथ ही छात्रों, अभिभावकों, युवाओं और आम लोगों को जोड़ने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने की बात कही गई.
शिक्षा के मुद्दे पर समझौता नहीं : महेश भारती
समिति के अध्यक्ष धरतीपुत्र महेश भारती ने कहा कि शिक्षा और शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े मुद्दों पर किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि यह संघर्ष किसी एक व्यक्ति या किसी एक कॉलेज का नहीं, बल्कि पूरे कोडरमा के अस्तित्व और जिले के छात्रों, युवाओं व आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की रक्षा का आंदोलन है. उन्होंने छात्र-युवा, अभिभावकों और सामाजिक संगठनों से एकजुट होकर आंदोलन को मजबूत बनाने की अपील की. बैठक में संरक्षक सदस्य राम रतन अवध्या, सईद नसीम, कोषाध्यक्ष तौफीक हुसैन, सह सचिव मो. अली शाद, विनोद राम, प्रकाश रजक, विजय यादव, प्रकाश चंद्र राय, सुरेंद्र भाई मोदी, संजय साजन, भानु प्रताप सिंह, संजीत चौधरी, महादेव दास सहित समिति के कई सदस्य मौजूद रहे.
ALSO READ: ‘शिक्षा का मतलब सिर्फ नौकरी नहीं’, गुरु पूर्णिमा पर राज्यपाल संतोष गंगवार ने दिया बड़ा संदेश
