Ranchi: भाजपा सांसद एवं अभिनेत्री कंगना रनौत के एक कथित विवादित बयान ने झारखंड की राजधानी रांची में राजनीतिक तापमान को अचानक बढ़ा दिया. झारखंड प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रमा खलखो के नेतृत्व में सड़कों पर उतरी महिला नेत्रियों और कार्यकर्ताओं ने विरोध दर्ज कराते हुए कंगना रनौत का पुतला फूंका. विरोध-प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस की तल्ख तेवर साफ नजर आए. कांग्रेस खेमे का साफ कहना था, कि इस तरह की भाषा शैली अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के दायरे में नहीं आती, बल्कि यह सामाजिक सौहार्द के लिए सीधा खतरा है.
भाजपा के मौन पर सियासी घेराबंदी
महिला कांग्रेस ने भाजपा के केंद्रीय और प्रांतीय नेतृत्व पर निशाना साधा. सवाल उठाया गया कि अपनी ही पार्टी की एक सांसद द्वारा लगातार दिए जा रहे भड़काऊ और आपत्तिजनक बयानों पर भाजपा नेतृत्व का असहज मौन क्या इस मानसिकता पर परोक्ष मुहर लगाने जैसा है? पार्टी ने दो टूक मांग की, कि भाजपा हाईकमान को देश के सामने यह स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वह ऐसे बयानों का समर्थन करती है या फिर वह खुद को इनसे अलग मानती है.
कंगना रनौत माफी मांगे
प्रदेश महिला कांग्रेस ने कहा कि कंगना रनौत को अपने इस गैर-जिम्मेदाराना बयान के लिए देश की जनता और महिलाओं से सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए. भाजपा नेतृत्व को इस मामले में त्वरित हस्तक्षेप करते हुए अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और ऐसे नेताओं के बयानों पर रोक सुनिश्चित करनी चाहिए. उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में भी किसी भी प्रकार की विभाजनकारी, समाज-विरोधी या महिला-विरोधी सोच को लोकतांत्रिक और कड़े तरीकों से पुरजोर चुनौती दी जाएगी.
ये रहीं मौजूद
विरोध-प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम में आभा सिन्हा, मेरी तिर्की, रीता चौधरी, नीतू देवी, अंजू कूजूर, मीनू सिंह, अनू बेक, पूर्णिमा सिंह, संगीता टोप्पो, पार्वती सिंह, ममता वर्मा, सबिता कूजूर, मोनी मनीषा खलखो, बीना तिर्की, सुम्मी हस्सा, सीमा नाग, सुभद्रा महली, कविता देवी, स्मृति नाग और टिंकी कच्छप सहित काफी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहीं.
यह भी पढ़ें: कोडरमा के कॉलेजों को VBU में रखने की मांग तेज, 4 अगस्त को होगा बड़ा धरना
