Hazaribagh: रांची स्थित झारखंड विधानसभा परिसर में आयोजित युवा कल्याण, संस्कृति एवं पर्यटन विकास समिति की महत्वपूर्ण बैठक में हजारीबाग सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने जिले के पर्यटन, पेयजल और जनसुविधाओं से जुड़े कई अहम मुद्दों को मजबूती से उठाया. बैठक में उन्होंने पर्यटन विभाग एवं पेयजल एवं स्वच्छता विभाग से विभिन्न योजनाओं की वर्तमान स्थिति तथा भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने की मांग की.
छड़वा डैम, कनहरी और झील विकास पर उठाए सवाल
समिति की सभापति एवं ईचागढ़ विधायक साबिता महतो की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विधायक प्रदीप प्रसाद ने छड़वा डैम में पर्यटकों के लिए बोटिंग की समुचित व्यवस्था, गोताखोरों की नियुक्ति तथा मां काली मंदिर क्षेत्र के जीर्णोद्धार को लेकर विभागीय तैयारी की जानकारी मांगी. उन्होंने कहा कि छड़वा डैम प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर स्थल है, जिसे बेहतर सुविधाओं के माध्यम से राज्य के प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है.

बैठक के दौरान विधायक ने सिलवार स्थित जगन्नाथ धाम मंदिर को धार्मिक एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में विभाग द्वारा अब तक की गई कार्रवाई और भविष्य की योजनाओं पर भी सवाल उठाए. इसके अलावा कनहरी क्षेत्र को पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के उद्देश्य से वहां भव्य रिसोर्ट निर्माण की योजना पर विभाग से स्पष्ट जवाब मांगा गया.
हजारीबाग को पर्यटन हब बनाने पर जोर
विधायक प्रदीप प्रसाद ने हजारीबाग शहर की पहचान मानी जाने वाली झील के संरक्षण, सौंदर्यीकरण एवं पर्यटन विकास का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया. उन्होंने कहा कि शहर की झील हजारीबाग की सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहर हैं, लेकिन पर्याप्त रखरखाव और आधुनिक सुविधाओं के अभाव में उनकी उपयोगिता प्रभावित हो रही है. उन्होंने झील किनारे वॉकिंग ट्रैक, आकर्षक लाइटिंग, बैठने की व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा और नौकायन जैसी सुविधाओं को विकसित करने की मांग की.
ALSO READ: 26 जून तक करें अवैध भवनों को वैध करने के लिए आवेदन, नहीं तो होगी कारवाई
पेयजल और अन्य योजनाओं की भी समीक्षा
विधायक ने जिले के पर्यटन स्थलों के समीप ट्रैकिंग के लिए चयनित स्थलों की संख्या और इस दिशा में चल रही कार्रवाई की जानकारी भी ली. वहीं पेयजल एवं स्वच्छता विभाग से वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में जिले में संचालित योजनाओं, वित्तीय आवंटन और योजनाओं की प्रगति का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत करने को कहा गया. उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए.
हजारीबाग शहर स्थित शहीद निर्मल महतो पार्क में उपलब्ध सुविधाओं और भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा हुई. विधायक ने पार्क को आधुनिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की आवश्यकता बताई. बैठक में इको-टूरिज्म, प्रदूषण नियंत्रण और फिल्म सिटी जैसी संभावित परियोजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया. बैठक में बेरमो विधायक अनूप सिंह, झारिया विधायक रागिनी सिंह, पाकुड़ विधायक निषाद आलम सहित विभाग के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे.
