Begusarai: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शनिवार (19 जुलाई) को बेगूसराय दौरे पर रहेंगे. उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं. कार्यक्रम स्थल से लेकर मुख्यमंत्री के आवागमन मार्ग तक कड़ी निगरानी रखी जा रही है. सुरक्षा कारणों से पूरे क्षेत्र को नो-ड्रोन फ्लाइंग जोन घोषित कर दिया गया है.
कार्यक्रम स्थल और पूरे रूट पर कड़ी सुरक्षा
जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए गांधी स्टेडियम, बीपी इंटर स्कूल, आईओसीएल बरौनी परिसर और मुख्यमंत्री के आवागमन वाले पूरे मार्ग को नो-ड्रोन फ्लाइंग जोन घोषित किया है. प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं.
ड्रोन और यूएवी उड़ाने पर पूरी तरह रोक
जिला प्रशासन के आदेश के मुताबिक, निर्धारित क्षेत्रों में किसी भी प्रकार के ड्रोन, मानवरहित हवाई यान (UAV) और रिमोट संचालित उड़ान उपकरणों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. सदर अनुमंडल पदाधिकारी और सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने ड्रोन ऑपरेटरों और आम नागरिकों से सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील भी की है.
Read Also: नालंदा में ससुर-बहू के कथित संबंध की चर्चा के बीच तीन की मौत, जांच में जुटी पुलिस
551 मॉडल विद्यालयों का कर सकते हैं लोकार्पण
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने बेगूसराय दौरे के दौरान राज्यभर में तैयार किए गए 551 आदर्श (मॉडल) विद्यालयों का लोकार्पण कर सकते हैं. शिक्षा विभाग के लिए यह एक अहम कार्यक्रम माना जा रहा है. इन विद्यालयों में आधुनिक सुविधाएं, स्मार्ट क्लास, डिजिटल संसाधन और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है.
शिक्षा विभाग ने तैयारियां कीं पूरी
मुख्यमंत्री के संभावित उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर शिक्षा विभाग ने संबंधित अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधन को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं. विद्यालयों में डिजिटल सुविधाएं, स्मार्ट क्लासरूम, फर्नीचर, स्वच्छ परिसर और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है.
प्रशासन की हर गतिविधि पर पैनी नजर
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. कार्यक्रम स्थल, सुरक्षा व्यवस्था और मुख्यमंत्री के आवागमन वाले पूरे रूट की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके.
