Gumla: उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो ने जिले के बाल सुधार गृह, नारी निकेतन, वृद्धाश्रम एवं बालिका गृह का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक सुधार और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए.

बाल सुधार गृह की व्यवस्थाओं की समीक्षा
उपायुक्त ने सर्वप्रथम बाल सुधार गृह का औचक निरीक्षण किया. वर्तमान में वहां रह रहे 68 बच्चों के रहने, खाने-पीने, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की. उन्होंने बच्चों की शैक्षणिक स्थिति की जानकारी ली और उनसे संवाद करते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया. उपायुक्त ने कहा कि शिक्षा ही जीवन को बेहतर दिशा देती है और यहां से निकलने के बाद सभी बच्चों को शिक्षित और बेहतर नागरिक बनकर समाज में अपनी पहचान बनानी चाहिए.
सांस्कृतिक प्रस्तुति से खुश हुए उपायुक्त
निरीक्षण के दौरान बच्चों द्वारा प्रस्तुत झारखंडी संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम को देखकर उपायुक्त ने प्रसन्नता व्यक्त की और बच्चों का उत्साहवर्धन किया. इस दौरान उन्होंने बच्चों के रहने के स्थान, क्लास रूम, किचन, डायनिंग एरिया, एक्टिविटी एरिया सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए. उन्होंने बच्चों से कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या या आवश्यकता होने पर वे बेझिझक जिला प्रशासन को अवगत कराएं.
वृद्धाश्रम में बुजुर्गों से की बातचीत
इसके बाद उपायुक्त ने वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया. उन्होंने वहां रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात कर उनकी आवश्यकताओं और सुविधाओं की जानकारी ली. इस दौरान बुजुर्गों ने वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया.
नारी निकेतन और बालिका गृह का भी किया दौरा
उपायुक्त ने नारी निकेतन और बालिका गृह का भी निरीक्षण किया. नारी निकेतन में महिलाओं के कौशल विकास गतिविधियों पर विशेष ध्यान देने की बात कही. वहीं बालिका गृह में बच्चियों के रहने, शिक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया. उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन बच्चों और महिलाओं के बेहतर भविष्य, सुरक्षा और जीवन स्तर को लेकर निरंतर प्रयासरत है.
इस अवसर पर जिला सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा सह नजारत उपसमाहर्ता ललन कुमार रजक, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आरती कुमारी, बाल संरक्षण पदाधिकारी अमर कुमार, सहायक जिला जनसंपर्क पदाधिकारी एलीना दास सहित संबंधित पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे.
