Palamu: उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 को लेकर समीक्षा बैठक की. बैठक में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ERO) और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को कार्यक्रम की प्रक्रिया, दिशा-निर्देशों और कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी दी गई.

20 जून से शुरू होकर 7 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
उपायुक्त ने बताया कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 20 जून 2026 से शुरू होगा और 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ संपन्न होगा. इस दौरान बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे. मतदाताओं को अपने अद्यतन फोटो लगाकर हस्ताक्षर या अंगूठे का निशान देकर प्रपत्र वापस करना होगा.
ALSO READ : गुमला जिला विज्ञान केंद्र में 9 से 11 जून तक तीन दिवसीय समर कैंप का आयोजन
प्रपत्र जमा नहीं करने पर कट सकता है नाम
बैठक में बताया गया कि जिन मतदाताओं द्वारा हस्ताक्षरित गणना प्रपत्र बीएलओ को वापस कर दिया जाएगा, उनका नाम प्रारूप मतदाता सूची में बना रहेगा. वहीं, जिनका सत्यापन या मैपिंग कार्य पूरा नहीं होगा, उन्हें नोटिस जारी किया जाएगा और निर्धारित दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे. उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि आवश्यक दस्तावेज या गणना प्रपत्र जमा नहीं करने की स्थिति में मतदाता का नाम सूची से विलोपित किया जा सकता है.
बीएलए-2 नियुक्ति और प्रशिक्षण पर भी जोर
उपायुक्त ने राजनीतिक दलों को बीएलए-2 की नियुक्ति कर उसका विवरण शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सभी बीएलए-2 को समय पर प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि पुनरीक्षण कार्य पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके. बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रमोद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी गणेश महतो, विभिन्न ईआरओ तथा कांग्रेस, राजद और भाजपा सहित विभिन्न दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे.
ALSO READ : JTET में भाषा चयन को लेकर अभ्यर्थियों में बढ़ा संशय, नियम और आवेदन प्रक्रिया के बीच उलझन
