Dhanbad: जिले के बाघमारा थाना क्षेत्र के सदरयाडीह में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली दुर्घटना सामने आई है. यहां हाल ही में बने एक नए सेप्टिक टैंक में उतरे दो स्थानीय मजदूरों की जहरीली गैस के कारण दम घुटने से दर्दनाक मौत हो गई. मृतकों की पहचान सदरयाडीह निवासीदिलीप महतो और राजेश महतो के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम और अफरा-तफरी का माहौल है.
कैसे हुई घटना?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संबंधित सेप्टिक टैंक का निर्माण हाल ही में कराया गया था और वह पिछले लगभग एक महीने से पूरी तरह बंद पड़ा था. गुरुवार को टैंक का ढक्कन खोलकर काम के सिलसिले में दोनों मजदूर एक-एक कर उसके अंदर उतरे थे.
सेप्टिक टैंक में उतरने के कुछ ही मिनटों के भीतर जहरीली गैस (विषैली गैसों का जमाव) के प्रभाव में आकर दोनों मजदूर वहीं दम घुटने से बेहोश हो गए. काफी देर तक जब अंदर से कोई हलचल नहीं हुई, तो बाहर मौजूद लोगों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए शोर मचाया.
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों ने आनन-फानन में भारी मशक्कत के बाद दोनों मजदूरों को टैंक से बाहर निकाला और तत्काल बाघमारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए. हालांकि, स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद ही दोनों को मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही बाघमारा थाना पुलिस दलबल के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर मामले की जानकारी ली. पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
ALSO READ : CJP ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात करने से किया इनकार, सरकार ने कहा – चर्चा के लिये हमेशा तैयार
