Ranchi : जनजातीय अस्मिता, स्वाभिमान और देश की माटी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर मंगलवार को राज्य के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें याद किया. राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने लोकभवन में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया. इस मौके पर राज्यपाल ने उनके ऐतिहासिक संघर्ष को याद करते हुए कहा कि धरती आबा ने जनजातीय समाज के उत्थान, स्वाभिमान और राष्ट्रहित के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया. उनका अदम्य साहस, त्याग और संघर्ष आज भी हम सभी के लिए सबसे बड़ा प्रेरणास्रोत है.
इसके बाद, श्रद्धा और सम्मान का यह कारवां रांची के बिरसा चौक पहुंचा. जहां राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने बिरसा चौक स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की. दोनों नेताओं ने झारखंड की जल, जंगल और जमीन की रक्षा के संकल्प को दोहराते हुए धरती आबा के सपनों का समृद्ध राज्य बनाने की प्रतिबद्धता जताई.

