मरम्मत के दौरान ढही जर्जर दीवार, मजदूर की मौत; ठेकेदार समेत चार दबे

Hazaribagh: बरही प्रखंड के कोनरा शादी मोहल्ला स्थित मदीना मस्जिद के समीप गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में जर्जर दीवार ढह जाने...

Hazaribagh: बरही प्रखंड के कोनरा शादी मोहल्ला स्थित मदीना मस्जिद के समीप गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में जर्जर दीवार ढह जाने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि ठेकेदार गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और शोक की लहर दौड़ गई. प्राप्त जानकारी के अनुसार गरजामु निवासी ठेकेदार मो. मिन्हाज अपने तीन मजदूरों मो. कुर्बान, मो. सरफराज और मो. डब्लू अंसारी के साथ नहर किनारे स्थित पुरानी दीवार की मरम्मत का कार्य कर रहे थे. इसी दौरान अचानक जर्जर दीवार भरभराकर गिर पड़ी, जिससे चारों लोग मलबे में दब गए.

हजारीबाग ले जाने के दौरान तोड़ा दम

हादसे में गंभीर रूप से घायल मो. डब्लू अंसारी को तत्काल बरही अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हजारीबाग रेफर कर दिया. लेकिन इलाज के लिए ले जाने के दौरान रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया. वहीं गंभीर रूप से घायल ठेकेदार मो. मिन्हाज को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है. घटना में शामिल अन्य दो मजदूर मो. सरफराज और मो. कुर्बान को मामूली चोटें आईं और वे बड़ी अनहोनी से बच गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दीवार काफी पुरानी और कमजोर थी, जिसके कारण मरम्मत के दौरान अचानक ढह गई.

ALSO READ: फर्जी फेसबुक अकाउंट से अभद्र पोस्ट का आरोप, समाजसेवी तरुण गुप्ता ने साइबर थाना में दर्ज कराई शिकायत

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, ग्रामीणों ने दिखाई तत्परता

मृतक मो. डब्लू अंसारी टोटो चालक होने के साथ-साथ मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. ग्रामीणों ने मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. राहत कार्य में मो. अनवर, बबलू, मो. हैदर समेत कई ग्रामीणों ने सक्रिय सहयोग किया.

जमीन मालिक मो. मंसूर ने बताया कि उन्होंने ठेकेदार को शनिवार से कार्य शुरू करने के लिए कहा था. गुरुवार को काम शुरू होने की उन्हें कोई जानकारी नहीं थी. घटना की सूचना मिलते ही वे भी मौके पर पहुंचे. हादसे के बाद कोनरा और आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है. ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और घायल ठेकेदार के बेहतर इलाज की व्यवस्था किए जाने की मांग की है. वहीं प्रशासनिक स्तर पर भी मामले की जानकारी जुटाई जा रही है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *