फर्जी फेसबुक अकाउंट से अभद्र पोस्ट का आरोप, समाजसेवी तरुण गुप्ता ने साइबर थाना में दर्ज कराई शिकायत

Jamtara: जामताड़ा के समाजसेवी तरुण कुमार गुप्ता ने सोशल मीडिया पर फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर उनकी, उनके परिवार तथा नगर पंचायत अध्यक्ष...

Jamtara: जामताड़ा के समाजसेवी तरुण कुमार गुप्ता ने सोशल मीडिया पर फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर उनकी, उनके परिवार तथा नगर पंचायत अध्यक्ष की छवि धूमिल करने के प्रयास का आरोप लगाते हुए साइबर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. गुरुवार को साइबर थाना पहुंचे तरुण कुमार गुप्ता ने अपने आवेदन में कहा कि “जामताड़ा विकास की ओर” नाम से संचालित एक फेसबुक पेज अथवा फर्जी अकाउंट के माध्यम से लगातार आपत्तिजनक एवं अभद्र टिप्पणियां पोस्ट की जा रही हैं. इन पोस्टों में उनके साथ-साथ उनके परिवार के सदस्यों और जामताड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष के नाम का उल्लेख कर असभ्य भाषा का प्रयोग किया जा रहा है, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास हो रहा है.

सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर जताई चिंता

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग जनहित और सकारात्मक संवाद के लिए होना चाहिए, लेकिन कुछ असामाजिक तत्व फर्जी पहचान बनाकर लोगों की छवि खराब करने और समाज में भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं. ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होना आवश्यक है, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस प्रकार की हरकत करने का साहस न कर सके. उन्होंने अपने आवेदन में साइबर पुलिस से संबंधित फेसबुक अकाउंट या पेज की तकनीकी जांच कर संचालक की पहचान करने तथा उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि नगर पंचायत अध्यक्ष के नाम और पद की गरिमा को भी ठेस पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, जो निंदनीय है.

ALSO READ: मतदाता सूची अपडेट से पहले चुनावी सिस्टम में बड़ा खालीपन, झारखंड में AERO के 147 पद खाली

पुलिस ने शुरू की जांच, तकनीकी पहलुओं की होगी पड़ताल

तरुण गुप्ता ने प्रशासन से आग्रह किया कि सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाकर अफवाह फैलाने, अभद्र टिप्पणी करने और लोगों की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाले व्यक्तियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. इससे न केवल पीड़ितों को न्याय मिलेगा, बल्कि सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर भी अंकुश लगेगा. साइबर थाना पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू करने की बात कही है. पुलिस तकनीकी पहलुओं की जांच कर यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि संबंधित फेसबुक अकाउंट का संचालन कौन कर रहा है और उसके माध्यम से की गई पोस्टों का उद्देश्य क्या था. मामले को लेकर शहर में चर्चा का माहौल बना हुआ है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *