Koderma: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. बैठक के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं एवं हिट एंड रन मामलों से संबंधित आवेदनों की स्थिति की जानकारी दी. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन कर पीड़ितों को शीघ्र मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जाए.
ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा उपाय मजबूत करने का निर्देश
उपायुक्त ने जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर सड़क सुरक्षा से जुड़े प्रभावी कार्य करने का निर्देश दिया. राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को सड़क मरम्मत कार्य में तेजी लाने तथा सड़क पर बने गड्ढों को अविलंब भरने को कहा गया. साथ ही एनएच पर स्थापित स्ट्रीट लाइटों को नियमित रूप से संचालित रखने के निर्देश दिए गए. बैठक में जवाहर घाटी क्षेत्र में सड़क सुरक्षा साइनेज लगाने, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा दुर्घटना रोकने के लिए रंबल स्ट्रिप (स्पीड ब्रेकर) लगाने के निर्देश दिए गए.

सघन वाहन जांच और ट्रैफिक प्लान तैयार करने पर बल
उपायुक्त ने सघन वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश देते हुए कहा कि शहरी क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रभावी ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाए. साथ ही सड़क अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने, नो-पार्किंग जोन चिन्हित करने तथा अवैध पार्किंग हटाने के निर्देश दिए गए.
सर्विस रोड से अतिक्रमण हटाने का निर्देश
बैठक में सर्विस रोड पर अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने तथा अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े सभी लंबित और अपूर्ण कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने को भी कहा. बैठक में पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष, अपर समाहर्ता संजय पीएम कूजूर, अनुमंडल पदाधिकारी निर्मल सोरेन, जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.
ALSO READ : जेल में रिक्त पदों को भरने को लेकर HC का अल्टीमेटम, कहा 6 महीने में पूरी करे प्रक्रिया


