Ranchi: झारखंड सरकार ने राज्य के अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं को एक बड़ा अवसर देते हुए पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति सत्र 2025-26 के लिए आवेदन की समय-सीमा बढ़ा दी है. आदिवासी कल्याण आयुक्त कार्यालय द्वारा जारी नई सूचना के अनुसार, अब पात्र विद्यार्थी 15 मई तक ई-कल्याण पोर्टल पर अपना पंजीकरण और आवेदन कर सकेंगे.
क्यों बढ़ाई गई तिथि?
पहले आवेदन की अंतिम तिथि 15 अप्रैल निर्धारित थी, लेकिन तकनीकी कारणों और छात्रों की मांग को देखते हुए सरकार ने इसे एक महीने के लिए विस्तारित करने का निर्णय लिया है. इस फैसले से उन हज़ारों छात्रों को सीधा लाभ मिलेगा जो किसी कारणवश अब तक दस्तावेज़ों की कमी या अन्य वजहों से आवेदन नहीं कर पाए थे.
यह भी पढ़ें : महिला आरक्षण और परिसीमन पर कल्पना सोरेन का केंद्र से सीधा सवाल, क्या अब देश चलाने के लिए डेटा की जरूरत नहीं रही?
आयुक्त की अपील: समय पर करें आवेदन
आदिवासी कल्याण आयुक्त ने सभी पात्र छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे इस बढ़ी हुई समय-सीमा का लाभ उठाएं और अंतिम क्षणों की भीड़ से बचने के लिए जल्द से जल्द ई-कल्याण पोर्टल पर अपना आवेदन सुनिश्चित करें. उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित तिथि के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे, जिससे छात्रवृत्ति का लाभ मिलने में कठिनाई हो सकती है.
यह भी पढ़ें : महिला आरक्षण की आड़ में लोकतंत्र की चोरी कर रही भाजपा, 2029 की सत्ता के लिए छद्म खेल बेनकाब : सुप्रियो भट्टाचार्य
ये है नई समय सीमा
• छात्रों द्वारा ऑनलाइन आवेदन: अब 15 मई तक (पहले 15 अप्रैल थी).
• संस्थानों द्वारा सत्यापन : अब 27 मई तक (पहले 27 अप्रैल थी).
• जिला स्तरीय सत्यापन : अंतिम तिथि 30 मई निर्धारित की गई है.
