हजारीबाग में संपत्ति हड़पने के लिए अनाथ युवक पर अपनों का ही सितम: चचेरे भाइयों पर भूखा रखने और मारपीट के गंभीर आरोप

Hazaribagh : शहर के बंशीलाल चौक निवासी 40 वर्षीय प्रऋषिकेश भारती उर्फ पिंटू ने अपने ही चचेरे भाइयों पर संपत्ति हड़पने की...

Hazaribagh : शहर के बंशीलाल चौक निवासी 40 वर्षीय प्रऋषिकेश भारती उर्फ पिंटू ने अपने ही चचेरे भाइयों पर संपत्ति हड़पने की नीयत से प्रताड़ित करने, मारपीट करने और भूखा रखने का सनसनीखेज आरोप लगाया है. इस संबंध में पीड़ित ने हजारीबाग के सदर थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय की गुहार लगाई है.

माता-पिता के जाने के बाद अनाथ हुए युवक पर टूटा दुखों का पहाड़

पीड़ित प्रऋषिकेश भारती (पिता- स्वर्गीय ज्ञान प्रकाश केसरी) ने अपने आवेदन में बताया कि लगभग 13 वर्ष पूर्व उनके पिता का देहांत हो गया था. वहीं करीब 5 महीने पहले उनकी मां का भी झरिया (धनबाद) स्थित मायके में निधन हो गया. उनकी इकलौती बहन की शादी भी सरायकेला-खरसावां जिले में हो चुकी है. माता-पिता के न रहने और घर में अकेला पड़ जाने के कारण वे पूरी तरह बेसहारा हो गए हैं.

चचेरे भाइयों पर देर रात मारपीट और भूखा रखने का आरोप

पीड़ित का आरोप है कि उनके बड़े चाचा (स्वर्गीय जगदीश प्रसाद केसरी) के बेटों- शिवनारायण लाल केसरी उर्फ गणेश, पवन कुमार केसरी उर्फ बजरंगी और मुरारीलाल केसरी द्वारा उनके अकेलेपन का फायदा उठाया जा रहा है. आरोप के अनुसार, तीनों चचेरे भाई देर रात नशे की हालत में उनके साथ लात-घूसों से मारपीट करते हैं और उनके दोस्तों द्वारा भी कई बार मारपीट की गई है. इसके अलावा उन्हें कई-कई दिनों तक भूखा रखा जाता है.

दुकान और घर पर कब्जे का दावा, निष्पक्ष जांच की मांग

आवेदन में प्रऋषिकेश भारती ने कहा है कि उनके तीनों चचेरे भाइयों ने साजिश के तहत उनके हिस्से का घर और दुकान हथिया लिया है, जिससे उनके सामने जीवन-यापन का संकट खड़ा हो गया है. पीड़ित ने हजारीबाग सदर थाना पुलिस से गुहार लगाई है कि मामले की सत्यता से जांच करते हुए दोषियों पर कार्रवाई की जाए और उन्हें उनके हिस्से का घर और दुकान वापस दिलाया जाए ताकि वे सम्मानपूर्वक जीवन बिता सकें.

Also Read : हजारीबाग : एक ही जमीन की दो रिपोर्ट ! कभी निजी तो कभी सरकारी बताई गई भूमि, सवालों के घेरे में कटकमसांडी CO कार्यालय

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *