Jamtara : जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर बगतरफा गांव के समीप रविवार को सड़क दुर्घटना में एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायल की पहचान शहरपुर गांव निवासी कासिम मियां (60 वर्ष) के रूप में हुई है. बताया जाता है कि वे मोपेड बाइक से सूप-दलिया बेचने का काम करते हैं और इसी सिलसिले में नजदीकी गांव जा रहे थे.
नारायणपुर में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आए बुजुर्ग, गंभीर हालत में धनबाद रेफर
इसी दौरान नारायणपुर की ओर से धनबाद जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. दुर्घटना में कासिम मियां गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए निजी वाहन से घायल को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया. घटना से आक्रोशित परिजनों एवं ग्रामीणों ने कुछ देर के लिए गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे को जाम कर दिया. ग्रामीणों ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को भी पकड़ लिया। सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. थाना प्रभारी के पहुंचते ही करीब 10 मिनट के अंदर सड़क जाम हटवा दिया गया और यातायात सामान्य कराया गया. थाना प्रभारी मुराद हसन ने बताया कि घायल को बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
Also Read : विश्व रक्तदान दिवस पर पूर्व सैनिकों का महादान, किया 10 यूनिट रक्तदान


