विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करें: उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता

Koderma : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में समग्र शिक्षा अभियान, पीएम पोषण (मध्याह्न भोजन) योजना, शिक्षा विभाग द्वारा...

Koderma : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में समग्र शिक्षा अभियान, पीएम पोषण (मध्याह्न भोजन) योजना, शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं एमडीएम स्टीयरिंग कमेटी की समीक्षा बैठक आयोजित की गई.
बैठक में उपायुक्त ने विद्यालयों में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों की उपस्थिति, बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण, मध्याह्न भोजन, यू-डाइस डेटा, उल्लास पोर्टल, पीएम पोषण योजना, स्मार्ट क्लासेस, प्रोजेक्ट इम्पैक्ट, प्रोजेक्ट रेल सहित शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की. समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने सभी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए विद्यालयों में नियमित रूप से शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन किया जाए तथा प्रोजेक्ट इम्पैक्ट के तहत नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों को बढ़ावा दिया जाए.

सभी स्कूलों में शैक्षणिक व्यवस्था सुधारने पर जोर

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी विषयों का निर्धारित समय के भीतर पाठ्यक्रम पूर्ण किया जाए. इसके लिए विषयवार मासिक शैक्षणिक कैलेंडर तैयार कर उसके अनुरूप शिक्षण कार्य संचालित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर एवं व्यवस्थित शिक्षा प्राप्त हो सके. उन्होंने विद्यालयों का संचालन निर्धारित समय-सारिणी के अनुरूप सुनिश्चित करने, विभिन्न शैक्षणिक इंटीग्रेटर्स के प्रभावी क्रियान्वयन तथा प्रत्येक विद्यालय में शैक्षणिक समिति के गठन का निर्देश दिया. साथ ही सभी छात्र-छात्राओं का शत-प्रतिशत आधार कार्ड एवं अपार आईडी बनाने तथा लंबित नामांकन प्रक्रिया को एक सप्ताह के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया.

पोषाहार वितरण की समीक्षा: उपायुक्त ने अर्द्धवार्षिक व प्री-बोर्ड परीक्षा नियमित कराने के दिए निर्देश

बैठक में पोषक वितरण की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने कहा कि विद्यालय स्तर पर अर्द्धवार्षिक एवं प्री-बोर्ड परीक्षाओं का नियमित आयोजन किया जाए, जिससे मूल्यांकन प्रक्रिया में एकरूपता बनी रहे तथा विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति का समुचित आकलन हो सके. उन्होंने शिक्षकों से अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया. बैठक में उप विकास आयुक्त रवि जैन, जिला शिक्षा पदाधिकारी अविनाश राम, जिला शिक्षा अधीक्षक अजय कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी राम रतन वर्णवाल, सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सहित शिक्षा विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.

Also Read : रांची में 40 लाख की ज्वेलरी चोरी का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *