Ranchi: झारखंड में 21 जून को आयोजित होने वाली नीट यूजी-2026 री-एग्जाम को लेकर प्रशासनिक और पुलिस महकमा पूरी तरह मुस्तैद है. परीक्षा को कदाचारमुक्त, शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस मुख्यालय ने राज्य के सभी जिलों के एसपी को हाई अलर्ट जारी किया है. मुख्यालय ने संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई कड़े और महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं.
DC-SP के समन्वय से तैनात होंगे मजिस्ट्रेट और पुलिस बल
पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, जामताड़ा और सरायकेला जिलों को छोड़कर राज्य के अन्य सभी जिलों के एसपी को अपने-अपने क्षेत्र के डीसी के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने को कहा गया है. परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के लिए पर्याप्त संख्या में मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया है.
त्रिस्तरीय सुरक्षा और कड़े नियम, इन बिंदुओं पर रहेगा विशेष फोकस
– परीक्षा केंद्रों के मुख्य गेट पर ही परीक्षार्थियों की सघन चेकिंग और बायोमैट्रिक वेरिफिकेशन अनिवार्य रूप से किया जाएगा. किसी भी परीक्षार्थी को मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, कंप्यूटर को प्रभावित करने वाले उपकरण या किसी भी प्रकार की संदिग्ध सामग्री के साथ केंद्र के भीतर प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी.
– परीक्षा से पूर्व प्रश्न पत्रों को परीक्षा केंद्रों तक सुरक्षित पहुंचाने और परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओ को वापस स्ट्रांग रूम तक ले जाने के पूरे मार्ग पर पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी.
– राज्य के सभी परीक्षा केंद्रों के भीतर और बाहर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी. इसके अलावा, परीक्षा के सफल और निष्पक्ष संचालन के लिए ‘फ्लाइंग स्क्वायड का गठन किया गया है, जो परीक्षा के दौरान लगातार गश्ती करेगा.
– परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित सभी जेरॉक्स (फोटोकॉपी) दुकानों, साइबर कैफे और विभिन्न कोचिंग सेंटरों के संचालकों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने और किसी भी संदिग्ध कार्य पर तत्काल सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है.
योग दिवस को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष ध्यान
21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस’ भी है, इस वजह से सड़कों पर अन्य दिनों की तुलना में चहल-पहल अधिक रहने की संभावना है. पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को निर्देश दिया है कि योग दिवस के कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था को इस तरह संचालित किया जाए कि परीक्षार्थियों को अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी भी प्रकार की कठिनाई या जाम का सामना न करना पड़े.
तीन एयरपोर्ट्स पर विशेष सावधानी
पड़ोसी राज्यों में भी भेजे जाएंगे प्रश्न पत्र इस बार नीट परीक्षा की गोपनीयता और सुरक्षा को लेकर बेहद खास इंतजाम किए गए हैं. परीक्षा से संबंधित प्रश्न पत्रों को रांची, देवघर और जमशेदपुर एयरपोर्ट पर लाया गया है. यहां से इन प्रश्न पत्रों को न केवल झारखंड, बल्कि पड़ोसी राज्यों बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के विभिन्न परीक्षा केंद्रों तक भी सुरक्षित पहुंचाया जाना है.



