Koderma: 21 जून 2026 को होने वाली NEET परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए जिला प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू कर दी है. जिले में NEET परीक्षा दो केंद्रों पर आयोजित होगी. इनमें सीडी बालिका मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, झुमरी तिलैया और पीएम श्री परियोजना बालिका +2 उच्च विद्यालय, कोडरमा शामिल हैं. परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी.
अनुमंडल दंडाधिकारी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत 21 जून को दोपहर 1:00 बजे से शाम 6:15 बजे तक दोनों परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू करने का आदेश दिया है. इस दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास पांच या उससे अधिक लोगों के एक साथ जमा होने पर रोक रहेगी. लाउडस्पीकर और माइक के इस्तेमाल की भी अनुमति नहीं होगी. पुलिसकर्मियों को छोड़कर कोई भी व्यक्ति हथियार, लाठी या अन्य खतरनाक सामान लेकर नहीं चल सकेगा.
जिला प्रशासन की लोगों से अपील
इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के आसपास चाय-पान की दुकानों या अन्य स्थानों पर अनावश्यक भीड़ लगाने, चिट-पुर्जी बनाने या किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि करने पर भी रोक रहेगी. जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे परीक्षा के सफल आयोजन में सहयोग करें और जारी निर्देशों का पालन करें.
ALSO READ: ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने की पहल, पशुधन योजना के तहत हुआ वितरण



