Hazaribagh: जिले के कटकमसांडी प्रखंड अंतर्गत गदोखर पंचायत स्थित सरकारी प्राथमिक विद्यालय बलियाद में हुई चोरी की घटना ने ग्रामीणों के साथ-साथ शिक्षा विभाग को भी झकझोर दिया है. अज्ञात चोरों ने विद्यालय की रसोई का दरवाजा तोड़कर मध्याह्न भोजन के लिए रखा चावल, गैस सिलेंडर, बायोमेट्रिक मशीन समेत अन्य जरूरी सामान पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि वारदात के बाद बदमाश विद्यालय परिसर में ही शराब पीते और अंडा पकाकर खाते रहे, जिसके स्पष्ट साक्ष्य घटनास्थल से मिले हैं.
रसोई का ताला तोड़कर उड़ाया जरूरी सामान
जानकारी के अनुसार चोर देर रात विद्यालय परिसर में घुसे और सबसे पहले रसोईघर का दरवाजा तोड़ दिया. इसके बाद उन्होंने मध्याह्न भोजन योजना के लिए रखा चावल, गैस सिलेंडर, बायोमेट्रिक मशीन तथा अन्य उपयोगी सामान चोरी कर लिया. सुबह जब विद्यालय कर्मी पहुंचे तो रसोई का टूटा दरवाजा और बिखरा सामान देखकर सभी हैरान रह गए.
शराब की बोतलें और अंडे के अवशेष देख दंग रह गए ग्रामीण
घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि चोर सिर्फ चोरी करके नहीं भागे, बल्कि विद्यालय परिसर को ही मौज-मस्ती का अड्डा बना दिया. परिसर में शराब पीने के साक्ष्य, अंडे के छिलके और खाने-पीने के अवशेष मिले, जिससे स्पष्ट है कि बदमाशों ने वारदात के दौरान वहीं बैठकर शराब पी और खाना बनाया। इस दृश्य को देखकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है.
जनप्रतिनिधियों और विद्यालय प्रबंधन ने किया निरीक्षण
घटना की सूचना मिलते ही गदोखर पंचायत के मुखिया नारायण साव, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष इम्तियाज खान उर्फ बाबू तथा प्रभारी प्रधानाध्यापक मोसरत जाहां विद्यालय पहुंचे. निरीक्षण के दौरान रसोई का टूटा दरवाजा, गायब सामान और परिसर में फैली अव्यवस्था देखकर सभी ने घटना पर चिंता जताई.
थाने में दिया आवेदन, जल्द कार्रवाई की मांग
विद्यालय प्रबंधन समिति की ओर से ओपी पेलावल थाना प्रभारी विटटू रजक को लिखित आवेदन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, चोरी गए सामान की बरामदगी और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की गई है. आवेदन में कहा गया है कि असामाजिक तत्वों ने न सिर्फ सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया है, बल्कि विद्यालय के शैक्षणिक माहौल को भी प्रभावित किया है.
मध्याह्न भोजन और बायोमेट्रिक व्यवस्था पर असर
इस चोरी का सीधा असर विद्यालय की मध्याह्न भोजन योजना और शिक्षकों की बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली पर पड़ सकता है. आवश्यक संसाधनों की चोरी से विद्यालय संचालन में भी परेशानियां बढ़ने की आशंका है.
ग्रामीणों ने उठाई सुरक्षा बढ़ाने की मांग
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, रात्रि गश्त बढ़ाने तथा सरकारी संस्थानों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम नहीं किए गए तो भविष्य में भी ऐसी घटनाएं दोहराई जा सकती हैं.
पुलिस जांच में जुटी
ओपी पेलावल पुलिस ने मामले की जानकारी मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरी में शामिल बदमाशों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है. विद्यालय प्रबंधन और ग्रामीणों को उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही इस मामले का खुलासा करेगी.
AlsoRead:BREAKING जज उत्तम आनंद हत्याकांड : सजायाफ्ता लखन वर्मा और राहुल वर्मा की सजा HC से बरकरार
