Koderma: अमृत भारत योजना के तहत कोडरमा स्टेशन पर बन रहे नए भवन और कोडरमा लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर बहाल की जाने वाली सुविधाओं को लेकर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने रेल अधिकारियों के साथ बैठक की. यह बैठक कोडरमा स्टेशन के नए गेस्ट हाउस में आयोजित की गई, जिसमें बरकट्ठा विधायक अमित यादव, धनबाद रेल मंडल के डीआरएम और रेलवे निर्माण से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे.
यात्री सुविधाओं पर अधिकारियों को दिए निर्देश
बैठक के दौरान मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कोडरमा लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं की समीक्षा की. इसके अलावा आने वाले दिनों में इन स्टेशनों पर बहाल की जाने वाली नई सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए. गेस्ट हाउस पहुंचने पर डीआरएम ने मंत्री अन्नपूर्णा देवी का बुके देकर स्वागत किया.
अंतिम चरण में नया स्टेशन भवन निर्माण
गौरतलब है कि कोडरमा स्टेशन पर अमृत भारत योजना के तहत एयरपोर्ट जैसी अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त नए स्टेशन भवन का निर्माण किया जा रहा है, जो अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है. इसके अलावा कोडरमा होकर फ्रेट कॉरिडोर के निर्माण की भी योजना है.
कई प्रस्तावों को मिल चुकी है मंजूरी
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि रेलवे क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं. उन्होंने बताया कि अमृत भारत योजना के तहत कोडरमा स्टेशन के नए भवन का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और यहां लोगों को अत्याधुनिक सुविधाएं मिलेंगी. उन्होंने कहा कि कोडरमा लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न स्टेशनों से जुड़े कई प्रस्ताव केंद्र सरकार के पास भेजे गए हैं. इनमें से कई प्रस्तावों को स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि कई प्रस्तावों पर प्रक्रिया जारी है.
रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाने पर जोर
अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि यात्री सुविधाओं के विकास के साथ-साथ रेलवे की आधारभूत संरचना को और बेहतर बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि समस्याओं और सुविधाओं को लेकर धनबाद रेल मंडल के अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा हुई है और आने वाले दिनों में इसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे.
ALSO READ: आरोपी ही खोल रहे पोल, खाता न बही विनय सिंह को जमीन दिलाने के लिए विनय चौबे ने किया सब सही
