Palamu: पलामू में भीषण गर्मी और जलस्तर नीचे चले जाने के कारण उत्पन्न हुए पेयजल संकट को देखते हुए फेयरमाइन कार्बन्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने मेदिनीनगर शहर क्षेत्र में टैंकरों के माध्यम से पेयजलापूर्ति करने की एक सराहनीय पहल शुरू की है. इस जनकल्याणकारी अभियान का शुभारंभ मेदिनीनगर सदर के SDPO राजेश कुमार यादव ने स्थानीय छह मुहान पर फीता काटकर किया. इस अवसर पर उन्होंने कंपनी के इस कदम को मानव कल्याण के लिए एक बड़ा और बेहतर कार्य बताया.
SDPO राजेश कुमार यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान में प्रदूषण और अत्यधिक दोहन के कारण पेयजल एक दुर्लभ संसाधन बनता जा रहा है. ऐसे संकट के समय में समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति और संस्था को जनसेवा की भावना से आगे आना चाहिए क्योंकि मानव सेवा ही सबसे बड़ी सेवा है. उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसे कार्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाते हैं और उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे इस प्रकार के जनहितकारी कार्यों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें ताकि समाज में सहयोग, सेवा और स्वच्छता की भावना और अधिक मजबूत हो सके.

PRO अशोक मिश्रा विस्तृत जानकारी दी
कंपनी के PRO अशोक मिश्रा ने इस अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि अत्यधिक गर्मी के कारण भू-जल स्तर काफी नीचे चला गया है जिससे अधिकांश चापाकल सूख चुके है. ऐसी स्थिति में टैंकरों द्वारा की जाने वाली यह पेयजलापूर्ति लोगों को तात्कालिक रूप से बड़ी राहत प्रदान करेगी. यह टैंकर मेदिनीनगर शहर की प्रत्येक गली और रास्ते से होकर गुजरेगा ताकि सभी मोहल्लेवासी और जरूरतमंद लोग अपनी जरूरत के अनुसार पानी प्राप्त कर सकें.
टैंकर भेजकर जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी
यह राहत सेवा पूरी गर्मी के मौसम तक निरंतर जारी रहेगी. यदि किसी विशेष क्षेत्र में पानी की अत्यंत आवश्यकता महसूस होती है, तो वहां के नागरिक कंपनी द्वारा जारी मोबाइल फोन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं, जिसके बाद उस प्रभावित क्षेत्र में प्राथमिकता के आधार पर लगातार टैंकर भेजकर जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी. आगे उन्होंने कहा कि कंपनी सदैव सामाजिक सरोकारों और जनकल्याण के कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती रही है. उद्घाटन के इस विशेष अवसर पर कंपनी के एडमिन मैनेजर अंशु कुमार, लैंड एंड लाईजनिंग के डिप्टी मैनेजर प्रणव कुमार द्विवेदी, लैंड हेड शशांक सिंह के साथ-साथ आशीष उपाध्याय, प्रियांशु पाठक, अभिषेक सिंह एवं बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे.
ALSO READ: विधायक जगत माझी और डीसी ने अस्वस्थ मानकी प्रेम प्रकाश बोईपाई से की मुलाकात
