Giridih: जल संरक्षण और सिंचाई सुविधाओं को मजबूत बनाने के उद्देश्य से संचालित तालाब निर्माण योजनाओं की समीक्षा के लिए उपायुक्त रामनिवास यादव शनिवार को देवरी प्रखंड के लवानियां मौजा पहुंचे. इस दौरान उन्होंने प्रस्तावित तालाब निर्माण को लेकर ग्रामीणों और किसानों द्वारा उठाई गई आपत्तियों एवं शिकायतों का स्थल निरीक्षण किया.


किसानों की चिंताओं को गंभीरता से सुना
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने उपायुक्त को बताया कि तालाब में पानी भरने से आसपास के खेतों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, जिससे फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है. इस पर उपायुक्त ने स्वयं खेतों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए योजना के तकनीकी पहलुओं की पुनः समीक्षा करने का निर्देश दिया.
तकनीकी व्यवहार्यता की हुई समीक्षा

उपायुक्त ने लघु सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ तालाब निर्माण कार्य की विस्तृत समीक्षा की. उन्होंने परियोजना की तकनीकी व्यवहार्यता, जल संचयन क्षमता तथा किसानों पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों पर चर्चा करते हुए कहा कि यह योजना क्षेत्र में जल संरक्षण और सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी. उन्होंने बरसात से पहले कार्य पूरा करने का भी निर्देश दिया.
फसलों को नुकसान नहीं पहुंचने देने के निर्देश
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि तालाब की गहराई और संरचना ऐसी होनी चाहिए जिससे किसी भी किसान की फसल प्रभावित न हो. साथ ही जल निकासी व्यवस्था, जल स्रोतों की उपलब्धता तथा लिफ्ट इरिगेशन की संभावनाओं पर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
ALSO READ : भारतीय ज्ञान परंपरा और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के समन्वय से भारत को मिलेगी नई वैश्विक पहचान
बरगद के पेड़ के नीचे ग्रामीणों के साथ की बैठक

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बरगद के पेड़ के नीचे ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं, सुझाव और शिकायतें सुनीं. उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने का निर्देश देते हुए कहा कि विकास योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीणों को लाभ पहुंचाना है, इसलिए स्थानीय आवश्यकताओं और जनभावनाओं का पूरा सम्मान किया जाएगा.
पालमो तालाब का भी किया निरीक्षण
इसके बाद उपायुक्त ने जमुआ प्रखंड के पालमो स्थित तालाब का भी निरीक्षण किया. यहां भी उन्होंने ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर निर्माण कार्य से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली और भरोसा दिलाया कि सभी तकनीकी एवं स्थानीय समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा.
जल संरक्षण के लिए तालाब निर्माण जरूरी

उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि जल संरक्षण, भू-जल संवर्धन और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए तालाबों का निर्माण अत्यंत आवश्यक है. इससे कृषि उत्पादन बढ़ेगा और भविष्य में संभावित जल संकट से निपटने में भी मदद मिलेगी. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी खोरीमहुआ, कार्यपालक अभियंता लघु सिंचाई विभाग, अंचलाधिकारी जमुआ, प्रखंड विकास पदाधिकारी देवरी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे.
ALSO READ : भाजपा जामताड़ा नगर की मासिक संगठनात्मक बैठक संपन्न, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को सफल बनाने का लिया संकल्प
