FIFA World Cup 2026: फुटबॉल विश्वकप के 12वें दिन मेसी और एमबाप्पे का करिश्मा देखने को मिला. एक ओर अर्जेंटीना के कप्तान लियोनल मेसी ने ऑस्ट्रिया के खिलाफ दो गोल दागकर इतिहास रच दिया, तो दूसरी ओर फ्रांस के स्टार स्ट्राइकर किलियन एमबाप्पे ने अपने 100वें अंतरराष्ट्रीय मैच को दो गोलों से यादगार बना दिया. अर्जेंटीना ने ऑस्ट्रिया को 2-0 और फ्रांस ने इराक को 3-0 से हराकर राउंड ऑफ-32 में अपनी जगह पक्की कर ली. उधर, नॉर्वे ने सेनेगल को 3-2 से हराकर पिछले 28 साल में अपने पहले विश्वकप में राउंड ऑफ-32 में जगह बना ली है. स्टार फुटबॉलर एर्लिंग हालंद ने दो गोल दागे. यानी मेसी, एमबाप्पे के बाद हालंद ने भी अपना फॉर्म बरकरार रखा है. 12वें दिन हुए मैच में इन तीनों ने दो-दो गोल दागे. इस विश्वकप में गोल्डन बूट की रेस में अब मेसी लीड कर रहे हैं. उनके इस विश्वकप में पांच गोल हैं, जबकि एमबाप्पे और हालंद के चार-चार गोल हो चुके हैं.
यह भी पढ़ें: होटवार महिला बंदी से यौन शोषण मामला: न्यायिक जांच एवं मेडिकल रिपोर्ट HC में पेश, 9 जुलाई को फैसला संभव

मेसी बने संकटमोचक
डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना के लिए एक बार फिर लियोनल मेसी संकटमोचक बने. डलास स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में अर्जेंटीना ने ऑस्ट्रिया को 2-0 से हराया. मेसी ने 38वें मिनट में शानदार गोल कर टीम को बढ़त दिलाई. थियागो अल्माडा की समझदारी और फाकुंडो मेडीना के बेहतरीन पास के बाद मेसी ने गेंद को निचले कोने में पहुंचाकर स्कोर 1-0 कर दिया. मैच के शुरुआती चरण में मेसी एक पेनल्टी भी चूक गए थे और ऑस्ट्रिया के कप्तान डेविड अलाबा ने कई अहम मौकों पर अर्जेंटीना को गोल करने से रोका. हालांकि मेसी ने हार नहीं मानी और इंजरी टाइम के पांचवें मिनट में दूसरा गोल दागकर जीत पर मुहर लगा दी.

मेसी का रिकॉर्ड, विश्वकप में अबतक दाग चुके हैं 18 गोल
इस दोहरे गोल के साथ मेसी ने विश्वकप में अपने कुल गोलों की संख्या 18 पहुंचा दी. वह अब फीफा विश्वकप इतिहास के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. उन्होंने जर्मनी के महान स्ट्राइकर मिरोस्लाव क्लोजे के 16 गोलों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. इतना ही नहीं, मेसी लगातार छह विश्वकप मैचों में गोल करने वाले इतिहास के केवल तीसरे खिलाड़ी बन गए. उनसे पहले यह उपलब्धि फ्रांस के जस्ट फोंटेन (1958) और ब्राजील के जायरजिन्हो (1970) ने हासिल की थी.
एमबाप्पे का धमाका, इराक के खिलाफ दागे 2 गोल
फिलाडेल्फिया में खेले गए मुकाबले में फ्रांस ने इराक को 3-0 से हराकर अपनी दूसरी लगातार जीत दर्ज की. मैच की शुरुआत से ही फ्रांस का दबदबा देखने को मिला और कप्तान किलियन एमबाप्पे ने 14वें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिला दी. माइकल ओलीसे के पास पर एमबाप्पे ने 20 गज की दूरी से शानदार लेफ्ट फुट शॉट लगाकर गेंद को जाल में पहुंचाया. यह उनके विश्वकप करियर का 15वां गोल था. 54वें मिनट में इराकी डिफेंडर जैद तहसीन और गोलकीपर अहमद बासिल की बड़ी गलती फ्रांस के लिए वरदान साबित हुई. गोल किक के दौरान हुई चूक के बाद गेंद उस्मान डेम्बेले के पास पहुंची, जिन्होंने निस्वार्थ भाव से एमबाप्पे को पास दिया और फ्रांसीसी कप्तान ने आसान गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया. यह विश्वकप में एमबाप्पे का 16वां गोल था, जिसके साथ उन्होंने मिरोस्लाव क्लोजे के पुराने रिकॉर्ड की बराबरी कर ली.

नॉर्वे ने सेनेगल को 3-2 से हराया, अगले राउंड में
एर्लिंग हालंद ने एक बार फिर अपनी अहमियत साबित करते हुए गोल किया और नॉर्वे को सेनेगल पर 3-2 की रोमांचक जीत दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई. ग्रुप-आई के इस मुकाबले में मार्कस होल्मग्रेन पेडर्सन ने 43वें मिनट में नॉर्वे को बढ़त दिलाई, जबकि हालंद ने 48वें और 58वें मिनट में दो गोल दागकर टीम की स्थिति मजबूत कर दी. हालांकि इस्माइला सार ने 53वें मिनट और फिर इंजरी टाइम (90+3) में गोल कर सेनेगल को मुकाबले में बनाए रखा, लेकिन नॉर्वे जीत बचाने में सफल रहा. इस जीत के साथ नॉर्वे ने लगातार दूसरी जीत दर्ज कर राउंड ऑफ-32 में जगह पक्की कर ली. दो मैचों में पूरे छह अंक लेकर वह फिलहाल बेहतर गोल अंतर के आधार पर फ्रांस से ऊपर ग्रुप में शीर्ष पर है. अब 26 जून को फ्रांस और नॉर्वे के बीच होने वाला मुकाबला ग्रुप विजेता का फैसला करेगा.
यह भी पढ़ें: राष्ट्र की अखंडता के महानायक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर भाजपा ने दी श्रद्धांजलि

गोल्डन बूट के लिए मेसी और एमबाप्पे में रोमांचक जंग
विश्व फुटबॉल के दो सबसे बड़े सितारे फिलहाल गोल्डन बूट की दौड़ में आमने-सामने हैं. मेसी ऑस्ट्रिया के खिलाफ दो गोल दागकर टूर्नामेंट में शीर्ष स्कोरर बने हुए हैं, जबकि एमबाप्पे भी चार गोल के साथ उनके पीछे लगे हुए हैं. हालंद ने भी चार गोल कर दिए हैं. तीनों खिलाड़ी अपनी-अपनी टीमों को नॉकआउट चरण में पहुंचा चुके हैं और अब उनकी नजर न सिर्फ विश्वकप ट्रॉफी बल्कि व्यक्तिगत रिकॉर्ड्स पर भी होगी.

जॉर्डन की हार, अल्जीरिया की जीत
ग्रुप-जे के मुकाबले में अल्जीरिया ने शानदार वापसी करते हुए जॉर्डन को 2-1 से हरा दिया. जॉर्डन ने निजार अल-रशदान के 36वें मिनट के गोल की बदौलत बढ़त हासिल की थी, लेकिन दूसरे हाफ में अल्जीरिया ने मैच का रुख पलट दिया. नाधिर बेनबुआली ने 69वें मिनट में बराबरी का गोल किया, जबकि अमीन गुइरी ने 82वें मिनट में विजयी गोल दागकर टीम को महत्वपूर्ण तीन अंक दिलाए. आंकड़ों में भी अल्जीरिया का दबदबा साफ दिखाई दिया. टीम ने 75 प्रतिशत गेंद पर कब्जा रखा, 17 शॉट लगाए जिनमें आठ निशाने पर रहे, जबकि जॉर्डन सिर्फ आठ शॉट ही लगा सका. अल्जीरिया ने 619 पास पूरे किए और 91 प्रतिशत पास सटीकता दर्ज की. इस जीत के साथ अल्जीरिया ने नॉकआउट की उम्मीदों को जीवित रखा, जबकि जॉर्डन की मुश्किलें और बढ़ गईं.


