Newswave Desk: FIFA World Cup 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्पेन ने फ्रांस को 2-0 से हराकर फाइनल का टिकट पक्का कर लिया. पूरे मैच में स्पेन ने संतुलित रणनीति, मजबूत डिफेंस और मिले मौकों का बेहतरीन फायदा उठाया. अब टीम की नजर अपने दूसरे वर्ल्ड कप खिताब पर है. स्पेन इससे पहले 2010 में पहली और आखिरी बार विश्व चैंपियन बना था. अब उसके पास इतिहास दोहराने का शानदार मौका है. फ्रांस ने मैच की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की. किलियन एम्बाप्पे की अगुवाई में टीम ने लगातार हमले किए, लेकिन स्पेन के डिफेंडरों और गोलकीपर उनाई सिमोन ने हर कोशिश नाकाम कर दी. शुरुआती दबाव झेलने के बाद स्पेन ने संयम बनाए रखा और सही मौके का इंतजार किया, जो आखिरकार उसके पक्ष में गया.
शुरुआती मिनटों में स्पेन को मिली बढ़त
मैच के 22वें मिनट में लामिन यमाल पर हुए फाउल के बाद स्पेन को पेनल्टी मिली. मिकेल ओयरजाबल ने बिना गलती किए गोल दागा और टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी. इसके बाद फ्रांस ने बराबरी की कोशिश की, लेकिन स्पेन का डिफेंस मजबूती से खड़ा रहा. दूसरे हाफ में स्पेन ने गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा और 58वें मिनट में पेड्रो पोरो ने शानदार गोल कर बढ़त 2-0 कर दी. इस गोल के बाद फ्रांस पर दबाव बढ़ गया और स्पेन ने मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली.
फ्रांस की वापसी की कोशिश रही नाकाम
कोच ने डेजिरे डुए और रयान चेर्की को मैदान पर उतारा, लेकिन दोनों खिलाड़ी कोई असर नहीं छोड़ सके. एम्बाप्पे ने भी कई मौके बनाए, हालांकि गोलकीपर उनाई सिमोन ने शानदार बचाव करते हुए फ्रांस को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया. निर्धारित 90 मिनट तक फ्रांस गोल नहीं कर सका और स्पेन ने 2-0 से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बना ली. अब स्पेन का सामना अर्जेंटीना और इंग्लैंड के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा. वहीं, फ्रांस तीसरे स्थान के मुकाबले में दूसरे सेमीफाइनल की हारने वाली टीम से भिड़ेगा.
ALSO READ: IND vs ENG: भारत ने पहले वनडे में इंग्लैंड को 6 विकेट से हराया, सीरीज में 1-0 की बढ़त
