Simdega: झारखंड के सिमडेगा जिला द्वारा कृषि निर्यात के क्षेत्र में नई उपलब्धि हासिल करते हुए आम्रपाली आम की पहली व्यावसायिक खेप यूनाइटेड किंगडम (लंदन) के लिए रवाना की गई. बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत मनरेगा और जेएसएलपीएस के अभिसरण से तैयार इस पहल के अंतर्गत 1322 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाले आम्रपाली आम का निर्यात किया गया. किसानों से आम ₹42 प्रति किलोग्राम की दर से खरीदे गए, जो स्थानीय बाजार की तुलना में बेहतर मूल्य माना जा रहा है. इस पहल में जेएसएलपीएस के सहयोग से सिमडेगा सदर प्रखंड की महिला जागृति फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड और बानो प्रखंड की बेउरा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड की अहम भूमिका रही.

फ्लैग ऑफ समारोह के माध्यम से खेप को किया गया रवाना
निर्यात प्रक्रिया एपीडा के अनुश्रवण एवं अनुसमर्थन में संचालित की जा रही है. कोलकाता एयरपोर्ट पर आयोजित फ्लैग ऑफ समारोह के माध्यम से खेप को रवाना किया गया. कोलकाता एयरपोर्ट से आयोजित वर्चुअल बैठक में उपायुक्त कंचन सिंह ने किसान उत्पादक कंपनियों की महिला सदस्यों और प्रतिनिधियों से संवाद कर गुणवत्ता मानकों और किसानों को मिलने वाले लाभ की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार तक आम्रपाली आम की पहुंच किसानों की मेहनत और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है, जिससे किसानों की आय बढ़ेगी और जिले के अन्य कृषि उत्पादों के लिए भी वैश्विक बाजार के अवसर खुलेंगे.
यह भी पढ़ें: मोदी सरकार के 12 साल: झारखंड भाजपा का महाअभियान, गांव-गांव पहुंचेगा विकास और जनकल्याण का संदेश
