मोदी सरकार के 12 साल: झारखंड भाजपा का महाअभियान, गांव-गांव पहुंचेगा विकास और जनकल्याण का संदेश

Ranchi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर झारखंड भाजपा राज्यभर में व्यापक...

Ranchi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर झारखंड भाजपा राज्यभर में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने जा रही है. पार्टी ने 5 जून से 21 जून तक “12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के” थीम के साथ दर्जनों कार्यक्रम आयोजित करने की विस्तृत रूपरेखा तैयार की है. इन कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को घर-घर और गांव-गांव तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है.

प्रदेश भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं कार्यक्रम के राज्य समन्वयक अमर कुमार बाउरी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुआ है. उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल उपलब्धियों को बताने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जनता से सीधा संवाद स्थापित कर सरकार की योजनाओं और उनके प्रभाव को भी सामने लाया जाएगा.

विश्व पर्यावरण दिवस से होगी अभियान की शुरुआत

अभियान की शुरुआत 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम से होगी. राज्य के सभी मंडलों में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा. इसके बाद 8 से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा. इस दौरान केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक और पार्टी पदाधिकारी आम लोगों के बीच पहुंचकर केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देंगे. अभियान के तहत स्वच्छता कार्यक्रम, वृक्षारोपण, प्रगति पथ यात्रा और विकसित भारत संकल्प सम्मेलन जैसे आयोजन किए जाएंगे.

मीडिया संवाद में रखी जाएगी विकास यात्रा की तस्वीर

11 जून को भाजपा विशेष मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित करेगी। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू दुमका में तथा नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी रांची में पत्रकारों से संवाद कर मोदी सरकार के 12 वर्षों की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी योजनाओं और देश में हुए बदलावों पर विस्तार से चर्चा करेंगे. इसके अलावा प्रदेश के कई वरिष्ठ नेता विभिन्न जिलों में मीडिया संवाद कार्यक्रमों में भाग लेंगे.

जनकल्याण शिविर से लेकर प्रदर्शनी तक होंगे विशेष आयोजन

12 से 20 जून के बीच राज्यभर में जनकल्याण शिविर लगाए जाएंगे, जहां आम लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा। वहीं 16, 17 और 18 जून को जिला स्तर पर सभागार बैठकों का आयोजन होगा. इसी दौरान जिलों में मोदी सरकार की उपलब्धियों पर आधारित तीन दिवसीय प्रदर्शनी लगाई जाएगी। किसानों को आधुनिक और टिकाऊ कृषि पद्धतियों से जोड़ने के लिए प्राकृतिक खेती कार्यशालाओं का भी आयोजन किया जाएगा.

योग दिवस के साथ होगा अभियान का समापन

21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सभी मंडलों में स्थानीय योग संस्थाओं और समूहों के सहयोग से विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही 17 दिनों तक चलने वाले इस महाअभियान का समापन होगा.अमर कुमार बाउरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं, आदिवासियों और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। यही कारण है कि भाजपा कार्यकर्ता इस अभियान के माध्यम से विकास, सुशासन और जनसेवा के इन 12 वर्षों की कहानी को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी ताकत से जुटेंगे.

AlsoRead:3.5 लाख की विदेशी शराब चोरी करने वाले गिरोह का 6 घंटे में खुलासा, पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *