Palamu: डालटनगंज थाना मत्स्यजीवी सहयोग समिति के सदस्य और झामुमो नेता मुकेश कुमार चौधरी ने नावाटोली स्थित सौंडर्स तालाब को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग को लेकर आयुक्त श्रीमती कुमुद सहाय को ज्ञापन सौंपा है. समिति ने बताया कि उक्त तालाब, जिसका खाता संख्या 580, प्लॉट संख्या 1170 तथा रकबा 8.49 एकड़ है, लगभग 1000 से अधिक सदस्यों के लिए रोजी-रोटी का एकमात्र साधन है. समिति के अनुसार, इस तालाब की देखरेख और राजस्व भुगतान का कार्य आजादी के पूर्व से ही उनके द्वारा किया जाता रहा है.
निर्माण कार्य पर उठे सवाल
लेकिन वर्तमान में मेदिनीनगर नगर निगम द्वारा तालाब के जल निकासी स्थल पर पक्का निर्माण कराया जा रहा है, जिसे समिति ने अवैध बताया है. ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि पूर्व में इसी स्थान पर निर्माण के लिए निविदा निकाली गई थी, लेकिन तालाब की भूमि होने के कारण उसे रद्द कर दिया गया था. इसके बावजूद पुनः उसी जगह पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है.
Also Read: कोयलांचल में राहुल दुबे गैंग ने ड्राइवरों और कंपनियों के संचालकों को दी जान से मारने की धमकी
जलभराव और नुकसान की आशंका
समिति ने आशंका जताई है कि यदि निर्माण कार्य जारी रहा, तो तालाब के पानी की निकासी बाधित हो जाएगी, जिससे आसपास के मोहल्लों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है. पहले भी निकासी बाधित होने के कारण पानी नानापर गुमखरा क्षेत्र की ओर बढ़ने लगा था. इसके अलावा, तालाब की मछलियों के कोयल नदी में बह जाने से समिति को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है, जिससे मछुआरों के सामने रोजी-रोटी का संकट गहरा सकता है.
कार्रवाई की मांग
समिति ने बताया कि इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी, उप-विकास आयुक्त एवं नगर आयुक्त को पूर्व में भी लिखित सूचना दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है. अंत में समिति ने आयुक्त से मांग की है कि अविलंब निर्माण कार्य को रोका जाए, ताकि तालाब को बचाया जा सके और गरीब मछुआरों को भुखमरी जैसी स्थिति से बचाया जा सके.
