Gumla: पुलिस अधीक्षक गुमला की अध्यक्षता में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार, चंदाली में मासिक अपराध समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया. बैठक में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चैनपुर, गुमला और बसिया, अंचल निरीक्षक, सभी थाना प्रभारी तथा शाखा प्रभारी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे.

बकरीद को लेकर विशेष चर्चा
अपराध गोष्ठी शुरू होने से पहले माननीय उच्च न्यायालय द्वारा विभिन्न विषयों पर पारित आदेशों की जानकारी दी गई तथा उसके अनुपालन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए. इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
गंभीर मामलों की हुई समीक्षा
बैठक के दौरान पॉक्सो, एससी-एसटी, अज्ञात हत्या, दुष्कर्म, अपहरण, लूट और गृहभेदन से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई. साथ ही अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी रोकने को लेकर भी चर्चा की गई.
लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर
सूचना अधिकार अधिनियम और जन शिकायत समाधान कार्यक्रम के तहत प्राप्त लंबित आवेदनों, स्थायी वारंट, कुर्की, इश्तेहार और चरित्र सत्यापन से जुड़े मामलों के समयबद्ध निष्पादन का निर्देश दिया गया.
सड़क सुरक्षा और तकनीकी व्यवस्थाओं की समीक्षा
बैठक में सड़क सुरक्षा, eDAR/iRAD, डायल-112, e-Sakshya, सुदर्शना और गांडीव ऐप से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई. डायन प्रथा, मानव तस्करी, पलायन और महिलाओं से जुड़े अपराधों की रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया.
वाहन जांच और नशे के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश
सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के उद्देश्य से बिना हेलमेट, शराब पीकर और तेज गति से वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया. साथ ही नशीले पदार्थों के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया.
कम प्रदर्शन करने वालों को चेतावनी
क्षेत्र में नक्सल और अपराधियों के खिलाफ आसूचना संकलन, अवैध खनन की रोकथाम और स्थान बदल-बदलकर एंटी क्राइम वाहन जांच अभियान चलाने को लेकर निर्देश दिए गए. वहीं, जिन थाना प्रभारियों और पदाधिकारियों का प्रदर्शन औसत से कम रहा, उन्हें चेतावनी दी गई, जबकि बेहतर प्रदर्शन करने वालों को प्रोत्साहित किया गया.
