Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिला उपायुक्त श्री मनीष कुमार के मार्गदर्शन में जिले के सभी राशन कार्डधारियों को निर्धारित मात्रा में समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने तथा जन वितरण प्रणाली को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से जिले की सभी जन वितरण प्रणाली दुकानों पर प्रत्येक माह की 6 एवं 18 तारीख को “आहार दिवस” आयोजित किया जा रहा है.

लाभुकों से की गई अपील
उक्त के संदर्भ में उपायुक्त ने जिले के सभी राशन कार्डधारियों से अपील करते हुए कहा है कि उपरोक्त निर्धारित तिथियों पर अपने निकटवर्ती राशन दुकान पहुंचकर खाद्यान्न प्राप्त करें, ताकि किसी भी पात्र लाभुक को राशन लेने से वंचित न रहना पड़े. उन्होंने कहा कि इन तिथियों पर विशेष रूप से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि अधिक से अधिक लाभुकों को खाद्यान्न वितरण किया जाए तथा वितरण प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से संचालित हो.
निगरानी के लिए पदाधिकारी तैनात
उपायुक्त ने बताया कि राशन वितरण प्रक्रिया की प्रभावी निगरानी के लिए जिले के सभी प्रखंडों हेतु नोडल पदाधिकारी एवं सहायक पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से जन वितरण प्रणाली दुकानों का निरीक्षण करें तथा यह सुनिश्चित करें कि सभी लाभुकों को सरकार द्वारा निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए.
Also Read: कोडरमा हत्याकांड का खुलासा, 8 घंटे के भीतर 5 आरोपी गिरफ्तार
अनियमितता पर होगी कार्रवाई
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा है कि किसी भी परिस्थिति में लाभुकों के खाद्यान्न कोटा में कटौती नहीं होनी चाहिए. यदि किसी स्तर पर राशन की कम आपूर्ति, अनियमितता, अवैध वसूली अथवा कालाबाजारी की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
अधिकारियों को दिए निर्देश
उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, आपूर्ति विभाग के पदाधिकारियों व सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया है कि राशन वितरण व्यवस्था पर सतत निगरानी बनाए रखें और यह सुनिश्चित करें कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से पहुंचे.
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने सभी राशन कार्डधारियों से पुनः अपील की है कि वे प्रत्येक माह की 6 एवं 18 तारीख को आयोजित “आहार दिवस” में अपने निकटवर्ती राशन दुकान पहुंचकर खाद्यान्न प्राप्त करें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना प्रशासन को दें.
