Delhi / Lohardaga : पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने गुरूवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की. मुलाकात के दौरान झारखंड की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं को और अधिक सशक्त बनाने जैसे विषयों पर चर्चा हुई. धीरज प्रसाद साहू ने झारखंड में कांग्रेस की स्थिति, कार्यकर्ताओं की भूमिका और राज्य में बदलते राजनीतिक समीकरणों को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष से चर्चा की. इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने संगठन को मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने पर बल दिया. उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने और संगठनात्मक एकजुटता बनाएं रखने की सलाह दी.

पार्टी को मिल रही नयी ऊर्जा और दिशा
इस दौरान पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू ने राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके अनुभव, दूरदर्शिता एवं संगठनात्मक क्षमता से कांग्रेस पार्टी को निरंतर नयी ऊर्जा और दिशा मिल रही है. उन्होंने कहा कि खड़गे जैसे अनुभवी नेतृत्व का मार्गदर्शन पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है और उनके नेतृत्व में संगठन देशभर में मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है.
ALSO READ : जामताड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा: डंपर की चपेट में आने से युवक की मौत, ग्रामीणों ने किया रोड जाम
